भैयादूज के मौके पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ समेत कई जिलों में लोगों की बेतहाशा भीड़ बस अड्डों पर नजर आई, यहां तक कि लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर भी सफर किया। आगे तस्वीरों में जाने कैसा रहा दिन का आलम :-
भैयादूज पर लोगों ने जान जोखिम में डालकर किया सफर, भूले सोशल डिस्टेंसिंग, भूसे की तरह भरी सवारियां
नगर के पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर सुबह से ही वाहनों का आवागमन बढ़ गया। इसके साथ ही रोडवेज बसों में सीट खाली न मिलने पर लोगों ने खड़े होकर सफर तय किया। शामली से पानीपत के लिए चलने वाली प्राइवेट बसों की छतों पर सवारियां बैठी नजर आईं।
कहीं पर भी सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन नहीं हुआ। इसके अलावा दिन भर सड़कों पर कारों व बाइकों की भी भीड़ नजर आई, जिसके चलते कई बार जाम की स्थिति बनी। बस अड्डे पर सवारियां भी बसों के इंतजार में खड़ी रहीं।
वाहनों में सवारियों को भूसे की तरह भरकर मनचाहा किराया वसूला
मेरठ गढ मार्ग पर थ्रीव्हीलर, टाटा मैजिक तथा इसी प्रकार से हापुड किठौर मार्ग पर वाहन चालको ने सवारियो को भूसे की तरह भरकर उनकी भाईदूज पर डेढ गुना किराया वसूला गया और बैठने का स्थान भी नही मिला,
बहनें कठिनाई से अपने गन्तव्य पर पहुंची तथा कुछ महिलाओ से अभद्र व्यवहार भी किया गया तथा हसनपुर कलां से परीक्षितगढ मार्ग पर जो थ्रीव्हीलर चलते है उनसे भी इसी प्रकार का व्यवहार हुआ। जबकि मेरठ गढ मार्ग, किठौर हापुड मार्ग तथा हसनपुर कलां से परीक्षितगढ मार्ग पर जो प्राईवेट वाहन चल रहे है वे सभी पुलिस की सांठगांठ से चल रहे है जिसपर परिवहन विभाग कोई ध्यान नही दे रहा।
मुख्य मार्गों और बाजारों में जाम के कारण लोगों को हुई परेशानी
मेरठ देहात क्षेत्र में भी लोगों को सुबह से शाम तक कई बार जाम से जूझना पड़ा। बाजारों में भीड़ के कारण आने जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सरधना, जानीखुर्द और गढ़ मार्ग पर भी वाहनों की लाइन लगी रही। पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद यातायात सुचारु कराया।
सरधना में देवी मंदिर पुलिस चौकी बस स्टैंड, मेरठ-करनाल हाईवे पर नानू गंगनहर पुल, सरधना गंगनहर पुल पर दिनभर जाम लगा रहा। वहीं जानीखुर्द के पास कांवड़ मार्ग पर कार और ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। वहीं दोनों वाहनों के बीच सड़क पर खड़े होने से काफी देर तक जाम लगा रहा।
पुलिस ने क्रेन मंगवाकर दोनों वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। वहीं मेरठ-गढ़ मार्ग पर किठौर, शाहजहांपुर, सिसौली में लोगों को जाम से जूझना पड़ा। मऊखास, सिसौली में पुलिस ने कुछ ही देर में जाम खुलवा दिया। इससे लोगों ने राहत की सांस ली।