Shamli: युवक को अगवा कर जबरन मुंडन कराने के मामले में पुलिस ने की कार्रवाई, छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
शामली में छह दिन पहले पानीपत से दवाई लेकर लौट रहे युवक के साथ मारपीट और उसे जबरन गंजा करने के मामले में पुलिस में युवक के पिता की तहरीर पर 5-6 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के शामली में जबरन मुंडन कराने के मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एक्शन लिया है। कैराना में हरियाणा के पानीपत से दवाई लेकर वापस आ रहे युवक को गाड़ी से अगवा करके मारपीट करने व मुंड़न करने के मामले में युवक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने 5-6 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
क्षेत्र के गांव काकौर निवासी साबिर ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह बिहार में मजदूरी करता है। 27 नवंबर दोपहर करीब 12 बजे उसका बेटा फैजान अपने चाचा की दवाई लेने पानीपत गया था। उसके बेटे ने पानीपत से दवाई खरीदने के बाद अपने जूते व कपडे़ भी खरीदे।
दोपहर करीब 2 बजे वह घर वापस आने के लिए एक टैंपो में बैठ गया। इस दौरान एक युवक उसके बेटे के पास आया तथा कहा कि मेरी इको गाडी में बैठ जाओ तुम्हें जल्दी पहुंचा दूंगा। वह कार में बैठ गया। कार में कोई दूसरा यात्री नहीं था। चालक एक सुनसान जगह ले गया।
उसके बेटे फैजान को चाकू दिखा कर कहा कि अपने घर फोन करके बैंक खाते में रुपये मंगा लो। उसके भाई ने रुपये डालने से इनकार कर दिया। जिसके बाद आरोपी ने उसके बेटे को कुछ सुंघा कर बेहोश कर दिया। आरोपियों ने उसके बेटे के साथ मारपीट करते हुए उसका मुंडन कर दिया तथा कहा कि यहीं रह कर डेरी पर भैसों की देखभाल करो।
रात के समय उसका बेटा किसी तरह वहां से भाग कर आया था। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।