UP: आखिर खुल गया किसान की हत्या का राज, चचेरा भाई निकला कातिल, ऐसे दिया था वारदात को अंजाम
Murder in Shamli: आखिर पुलिस ने किसान की हत्या का खुलासा कर दिया है। किसान यशवेंद्र की हत्या किसी दुश्मन ने नहीं बल्कि उसके चचेरे भाई ने की थी।
विस्तार
Murder in Shamli: शामली जनपद में कांधला थाना क्षेत्र के गांव जसाला निवासी किसान की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्यारोपी चचेरे भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार चचेरे भाई ने जमीन के लालच में किसान की हत्या की थी।
क्षेत्र के गांव जसाला निवासी किसान यशवेंद्र पुत्र यशपाल 30 अगस्त को फतेहपुर स्थित अपने खेतों में पानी चलाने के लिए गया था। कुछ देर बाद ही किसान लहूलुहान हालत में खेत पर पड़ा मिला था। मामले में मृतक के पिता यशपाल ने खंद्रावली निवासी हारुन व उसके लड़के और भाई के खिलाफ अपने पुत्र की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने हारुन को हिरासत में लेकर कई दिनों तक पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लग सका था।
थाना प्रभारी निरीक्षक श्यामबीर सिंह ने वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि मामले में मृतक के चचेरे भाई विपुल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। यशवेंद्र से उसका चचेरा भाई विपुल जमीन को लेकर रंजिश रखता था। यशवेंद्र को दौरा पड़ता था, घटना वाले दिन यशवेंद्र को दौरा पड़ गया और वह नाली में गिर गया। विपुल मौके पर पहुंचा तो उसे वहां से खींच कर दूसरे स्थान पर ले गया। जिससे यशवेंद्र के शरीर पर चोट व रगड़ के निशान बन गए। विपुल ने सोचा इससे अच्छा मौका नहीं मिलेगा। जिस पर उसने यशवेंद्र की गला दबाकर हत्या कर दी।
यह भी पढ़ें: Murder: चीखते रहे परिजन, चाकू से वार करता रहा हिस्ट्रीशीटर, हत्या के बाद जातीय तनाव
हत्यारोपी विपुल ने पूछताछ में बताया कि कई दिन पूर्व यशवेंद्र ने उसके पिता के साथ घर में मिट्टी डालने को लेकर विवाद किया था। तभी से उसने उसकी हत्या करने की ठान ली थी।
यह भी पढ़ें: हत्या से गांव में मातम: घरों में नहीं जले चूल्हे, सदमे में पत्नी, मां बोलीं- बेटे की मौत का लूंगी बदला