शामली: एजाज अली का उमरा के दौरान मक्का में निधन, जन्नत-उल-बकी में होंगे सुपुर्द-ए-खाक
शामली के बसी चुंधयारी निवासी करीब 60 वर्षीय एजाज अली का उमरा के दौरान मक्का में निधन हो गया। परिजनों के अनुसार उन्हें जन्नत-उल-बकी में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
विस्तार
शामली के बसी चुंधयारी निवासी करीब 60 वर्षीय एजाज अली का उमरा के दौरान मक्का में निधन हो गया। 4 सितंबर को उमरा के लिए गए एजाज अली ने 22 सितंबर की रात उमरा पूरा किया था। इसके बाद एयरपोर्ट जाते समय उमरा ट्रेवल्स की बस में उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार अस्पताल ले जाते समय उनका इंतकाल हो गया।
उमरा की इच्छा पूरी करने गए थे एजाज अली
एजाज अली के बेटे मंसूर अली खान के अनुसार वह करीब साढ़े चार साल से पैरालाइज्ड थे। हालत में सुधार होने के बाद उन्होंने उमरा करने की इच्छा जताई थी। इसके बाद वह परिजनों के साथ 4 सितंबर को उमरा के लिए रवाना हुए। उनके साथ पत्नी बानो, बेटे माज खान और रिश्तेदार आलम भी गए थे।
यह भी पढ़ें: मेरठ: सीलिंग के खौफ के बीच बड़ा अपडेट, जस्टिस सुधांशु धूलिया की अध्यक्षता में न्यायिक आयोग गठित, होगी जांच
उमरा पूरा करने के बाद बिगड़ी तबीयत
परिजनों के अनुसार 22 सितंबर की रात एजाज अली ने उमरा पूरा किया। इसके बाद 23 सितंबर को होने वाली वापसी के लिए वह एयरपोर्ट जा रहे थे। इसी दौरान उमरा ट्रेवल्स की बस में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
अस्पताल ले जाते समय हुआ इंतकाल
परिजनों ने बताया कि एजाज अली को ब्रेन अटैक आया था। उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनका इंतकाल हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
जन्नत-उल-बकी में होंगे सुपुर्द-ए-खाक
परिजनों की इच्छा थी कि एजाज अली को मदीना स्थित जन्नत-उल-बकी में दफनाया जाए। इसके लिए सऊदी प्रशासन की मांग पर आवश्यक दस्तावेज एसडीएम से प्रमाणित कराकर सऊदी अरब भेजे गए। परिजनों के अनुसार बृहस्पतिवार को एजाज अली को जन्नत-उल-बकी में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।