शामली फायर सर्विस को मिली नई गाड़ी
शामली। क्षेत्र को सैनिटाइज करने के लिए शासन से शामली को नई गाड़ी मिली है। एसपी ने हरी झंडी दिखाकर गाड़ी को रवाना कर फायर सर्विस के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद नई गाड़ी से नवीन मंडी परिसर समेत कई स्थानों पर सैनिटाइज किया गया।
कोरोना संक्रमण से बचाव और रोकथाम के लिए शासन ने जनपद शामली के पुलिस फायर सर्विस को पांच हजार लीटर की नई गाड़ी उपलब्ध कराई है। शनिवार को पुलिस लाइन में नई गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर फायर सर्विस के सुपुर्द किया। एसपी ने बताया कि नई गाड़ी आधुनिक सुविधाओं से लैस है। इसमें वॉटर जैट और वाटर स्प्रे दोनों सुविधाएं है। इस अवसर पर सीओ सिटी जितेंद्र कुमार, सीएफओ दीपक शर्मा, प्रतिसार निरीक्षक हरमीत सिंह, एफएसएसओ अजीज खान मौजूद रहे। एफएसएसओ अजीज खान ने बताया कि नई गाड़ी से नई मंडी परिसर को सैनिटाइज किया गया। इसके बाद मंडी मार्शगंज में नई गाड़ी और छोटी दो गाड़ियों से सैनिटाइजेशन किया गया। एफएसएसओ ने बताया कि जनपद में अभी तक पांच हजार लीटर क्षमता की 1983 मॉडल की गाड़ी से काम लिया जा रहा था। नई गाड़ी आने से पुरानी गाड़ी को कंडम कर उसका संचालन बंद कर दिया है। विभाग के पास अभी भी 1997 मॉडल की एक और गाड़ी पुरानी है, जिससे काम लिया जा रहा है।