Shamli: दुर्गा मेले के दंगल में लूटी वाहवाही, बराबरी पर रहीं हिसार और सोनीपत की महिला पहलवान
Shamli News : हरियाणा से दंगल में आई महिला पहलवान सुमित्रा हिसार और अंजू सोनीपत के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। दस मिनट के मुकाबले के बाद दोनों पहलवानों को बराबर पर छुड़ा दिया गया।
विस्तार
शामली के झिंझाना में अब्दाननगर दुर्गा मेले के दंगल में पहलवानों ने जोर आजमाइश की। जिसमें हरियाणा से आईं महिला पहलवानों ने दंगल में आकर वाहवाही लूटी। दंगल में पहलवानों को कमेटी द्वारा सम्मानित किया गया।
क्षेत्र के गांव अब्दाननगर में चल रहे पांच दिवसीय मेले के दंगल में पुरुष व महिला पहलवानों में जोरदार कुश्ती मुकाबला हुआ। दंगल में उत्तर प्रदेश के शामली के अलावा बागपत, मुजफ्फरनगर और अन्य जनपदों सहित पड़ोसी राज्य हरियाणा के पहलवानों ने भी भाग लिया। जिसमें हरियाणा से दंगल में आई महिला पहलवान सुमित्रा हिसार और अंजू सोनीपत के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। जिसमें दस मिनट के मुकाबले के बाद अखाड़ा रेफरी सतवीर सिंह मंगलौरा और महिपाल कोरी ने दोनों पहलवानों को बराबर छुड़ा दिया।
वहीं, दूसरा मुकाबला जावेद पहलवान भूरा और छोटा अहसान जलालाबाद के बीच 100 रुपये के इनाम के साथ हुआ। जिसमें दोनों बराबरी पर रहे। 1500 रुपये के इनाम का मुकाबला हरियाणा की पहलवान संजू और आशु के बीच हुआ। जिसमें कुश्ती में जींद की संजू विजयी हुई। सभी विजयी पहलवानों को प्रमोद प्रधान उल्हेनी और अजय कुमार प्रधान बिन्ना माजरा के द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
यह भी पढ़ें: लश्कर-ए-तैयबा की धमकी: ठीक 13 नवंबर को बम से उड़ा देंगे, अलर्ट हुए रेलवे अफसर, स्टेशन पर बढ़ाई सुरक्षा
इस मौके पर जितेंद्र, मुबारिक अली, पल्लेराम कोरी, शमशाद अली,आबिद, नरेश कुमार, मास्टर ऋषिपाल सहित सैंकड़ों लोग मौजूद रहे।