Shamli: पुलिस अभिरक्षा से फरार हुई किशोरी, अफसरों में मचा हड़कंप, महिला सिपाही पर दर्ज हुआ मुकदमा
Shamli News : पुलिस अभिरक्षा से किशोरी फरार हो गई। इस मामले में महिला सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जानिए पूरा मामला क्या है।
विस्तार
शामली जनपद के कैराना में करीब सवा महीने पहले बहला-फुसलाकर लाई गई किशोरी को पुलिस ने बरामद करके वन स्टॉप सेंटर शामली में रखा। वहीं, शामली से वापस लाते समय पुलिस की लापरवाही के चलते किशोरी फिर से फरार हो गई। किशोरी के फरार होने के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारी ने महिला सिपाही की लापरवाही मानते हुए उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसके अलावा एएसपी को मामले की जांच सौंपी गई है।
28 जुलाई को एक ग्रामीण ने कोतवाली पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 15 वर्षीय पुत्री को गांव का ही युवक बहला-फुसलाकर ले गया। मामले में पुलिस ने पांच आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया था। वहीं, दो दिन पहले पुलिस ने किशोरी को बरामद करने के बाद वन स्टॉप सेंटर शामली में रखा था।
वहीं, रविवार को किशोरी के बयान और मेडिकल कराने के लिए महिला पुलिस वन स्टॉप सेंटर से किशोरी को वापस कैराना ला रही थी। रास्ते में कैराना आते समय किशोरी चकमा देकर पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गई। इसके बाद पुलिस विभाग में हड़कंप पहुंच गया। पुलिस की टीम किशोरी की तलाश में दूसरे जनपदों में दबिश दे रही है।
यह भी पढ़ें: Meerut Crime News: डॉक्टर ने युवती से किया दुष्कर्म, वृद्धा की हत्या में पुलिस खाली हाथ, पढ़ें-क्राइम रिपोर्ट
उधर, किशोरी के भाई ने फोन पर बताया कि उसकी बहन दो दिन पहले कोतवाली में आ गई थी, अब उन्हें पता चल रहा है कि उनकी बहन कोतवाली में नहीं है। मामले में एडिशनल एसपी ओपी सि़ह ने बताया कि वन स्टॉप सेंटर से महिला कांस्टेबल किशोरी को लेकर आ रही थी, इस दौरान किशोरी लापता हो गई। महिला कांस्टेबल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी के निर्देश पर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद सिपाही पर विभागीय एक्शन लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: UP: आज रात 12 बजे से मेरठ में हो जाएंगे 33 थाने, नया थाना बना लोहियानगर, अंतर्गत आएंगे ये इलाके