शामली में हत्या: नकाबपोश बदमाशों की गोली से मजदूर की मौत, सद्दाम की हत्या के लिए आए थे हमलावर, दो आरोपी पकड़े
शामली के कैराना क्षेत्र के तीतरवाड़ा गांव में नकाबपोश बदमाशों की गोली से 35 वर्षीय मजदूर तसव्वर की मौत हो गई। बदमाश सद्दाम की हत्या के लिए आए थे। ग्रामीणों ने दो आरोपियों को पकड़ लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शामली के कैराना क्षेत्र के तीतरवाड़ा गांव में सोमवार देर रात गोलीबारी के दौरान 35 वर्षीय मजदूर तसव्वर की मौत हो गई। बताया गया कि नकाबपोश बदमाश गांव के ही सद्दाम की हत्या करने आए थे। ग्रामीणों के टोके जाने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी।
ग्रामीणों ने उनका पीछा किया तो ईदगाह के पास चली गोली तसव्वर के पेट में जा लगी। गंभीर हालत में उपचार के दौरान मंगलवार सुबह करीब चार बजे उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि मामले में चार नामजद समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
सद्दाम की हत्या के लिए आए थे नकाबपोश बदमाश
पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात गांव तीतरवाड़ा में कुछ नकाबपोश बदमाश सद्दाम की हत्या करने के इरादे से पहुंचे थे। ग्रामीणों ने जब उन्हें टोका तो आरोप है कि बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद ग्रामीण बदमाशों का पीछा करने लगे।
यह भी पढ़ें: सेंट्रल मार्केट: 2 सितंबर के मेरठ बंद को सफल बनाने में जुटे व्यापारी, ट्रांसपोर्ट नगर से नवीन मंडी तक जनसंपर्क
ग्रामीणों के पीछे आने पर बदमाशों ने गांव के ईदगाह के पास भी फायरिंग की। इसी दौरान गोली सड़क पर टाइल लगाने की मजदूरी करने वाले 35 वर्षीय तसव्वर के पेट में जा लगी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन मंगलवार सुबह करीब चार बजे उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने दो आरोपियों को पकड़ लिया
गोलीबारी के दौरान ग्रामीणों ने दो बदमाशों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बापौली निवासी मुबारिक और मंडावर निवासी सोनिज के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
चार नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
मृतक के भाई सनव्वर ने कैराना कोतवाली में चार नामजद और अन्य अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने तसव्वर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
चार बच्चों का पिता था तसव्वर
तसव्वर सड़क पर टाइल लगाने का काम करता था। उसके परिवार में पत्नी और चार बच्चे हैं। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
भाई का भी हुआ था पुलिस एनकाउंटर
मृतक तसव्वर के भाई फुरकान उर्फ मोटे का 22 अक्तूबर 2017 को बुढ़ाना पुलिस ने एनकाउंटर किया था। पुलिस के अनुसार, तसव्वर के खिलाफ भी छह मुकदमे दर्ज बताए जाते हैं। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।