कैराना। ईद-उल-अजहा और कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस मुस्तैद है। पुलिस ने ड्रोन कैमरे से पूरे नगर की गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों पर विशेष रूप से नजर रखी गई।
एसपी अभिषेक झा ने पुलिस को आगामी ईद-उल-अजहा और कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए। इसके मद्देनजर कैराना कोतवाली पुलिस क्षेत्र में पूरी तरह से अलर्ट मोड पर नजर आ रही है। शुक्रवार शाम एसएसआई राजेश कुमार की देखरेख में कोतवाली परिसर से पुलिस ने ड्रोन उड़ाकर संवेदनशील क्षेत्रों को देखा। इस दौरान नगर में प्राचीन ईदगाह सहित मस्जिदों के आसपास छतों, कांवड़ मार्ग का जायजा लिया। देखा गया कि कहीं त्योहार के मौके पर विघ्न डालने के लिए कोई उपद्रव सामग्री शरारती तत्वों द्वारा एकत्र तो नहीं की गई। हालांकि, ऐसा कुछ पाया नहीं गया। पुलिस ने ड्रोन की मदद से संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों की भी निगरानी की। एसएसआई राजेश कुमार का कहना है कि पुलिस त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने और कानून व्यवस्था को बरकरार रखने के लिए कटिबद्ध है। यदि किसी भी असामाजिक तत्व ने कानून को हाथ में लेने का प्रयास किया, तो उससे सख्ती के साथ निपटा जाएगा।