शामली। जनपद में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए चल रहे लॉकडाउन में जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए अमर उजाला फाउंडेशन के साथ मां सावित्री हॉस्पिटल के डॉक्टर अपनी टीम के साथ लगातार गरीबों की मदद करने में जुटे हुए हैं। डाक्टरों ने हॉस्पिटल पर पहुंचे अलग-अलग कई मोहल्ले के 80 गरीब परिवारों को खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई।
बृहस्पतिवार को बुढ़ाना बस स्टैंड के निकट स्थित मां सावित्री हॉस्पिटल एवं डायग्नोस्टिक सेंटर पर हॉस्पिटल के मुख्य चिकित्सक डॉक्टर रितिनाथ शुक्ला और महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. नीलम शुक्ला ने हॉस्पिटल स्टाफ की टीम के साथ गरीब परिवारों को राशन सामग्री उपलब्ध कराई। डॉ. रितिनाथ शुक्ला ने बताया कि हॉस्पिटल पर मोहल्ला पंसारियान के 25, जैन मोहल्ला के 10, बरखंडी के 22, दयानंद नगर मोहल्ले के 12 और बड़ा बाजार के 11 परिवारों समेत कुल 80 गरीब परिवारों को राशन सामग्री का वितरण किया गया। डॉ. नीलम शुक्ला ने बताया कि राशन में आटा, चीनी, तेल, दाल, आदि जरूरी सामान उपलब्ध कराया गया। इस अवसर पर नवनीत जैन, डॉ. मृदुला जैन, किरण त्यागी, वीना अग्रवाल, डॉ. अजय श्रीवास्तव, अजय शर्मा, गिरधारी लाल नारंग और हॉस्पिटल का स्टाफ मौजूद रहा।