कांधला। कस्बे के गंगेरू रोड पर पालिका के नलकूप की पाइप लाइन लिकेज होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा मोहल्ले कें समुचित सफाई न होने से कूड़े व गंदगी के ढेर लगे रहते हैं। मोहल्लेवासियों ने पालिका और डीएम से समस्या के निदान की मांग की है।
कस्बे के मोहल्ला खैल गंगेरू रोड राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निकट कई दिन पालिका के नलकूप का पाइप लिकेज होने के कारण लगातार पानी बह रहा है। जिस कारण मोहल्ले के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्ला निवासी सुहैल का कहना है कि पालिका को लिखित और मौखिक शिकायत की जा चुकी है, लेकिन आश्वासन के सिवाय अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पूर्व में भी कई बार मरम्मत की गई, लेकिन इसका स्थाई समाधान नहीं हो सका। साजिद, रहीश, उमेद, सोनू ने बताया कि पालिका द्वारा सफाई की तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कस्बे में बने शौचालयों के अंदर और बाहर गंदगी भरी पड़ी है। कई-कई दिनो तक सफाई नहीं की जाती है। नालियों की कोई सफाई व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण नालियां अटी होने और पूर्ण रूप से पानी की निकासी न होने के कारण कई बार तो सड़कें भी जलमग्न हो जाती है। अधिशासी अधिकारी बलराम यादव ने बताया कि पाइप लाइन लीकेज होने की जानकारी मिली है। उसकी मरम्मत कराई जा रही है। जिन स्थानों पर गंदगी की शिकायत है, वहां सफाई अभियान चलाया जाएगा।