कैराना। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर छात्र-छात्राओं ने नगर में पथ संचलन निकाला। पथ संचलन के दौरान छात्र सुभाष चंद्र बोस बने, तो छात्राओं ने झांसी बन तलवार संभाल रखी थी।
बृहस्पतिवार को कैराना के सरस्वती शिशु मंदिर जूनियर हाई स्कूल द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर नगर में पथ संचलन का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं द्वारा निकाले गए पथ संचलन का शुभारंभ कैराना कोतवाली प्रभारी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इसमें छात्र-छात्राओं ने सुभाष चंद्र बोस, भारत माता, झांसी की रानी लक्ष्मी बाई की वेशभूषा पहनकर पथ संचलन निकाला। घोष दल के साथ सुभाष की झांकी, सुभाष वाहिनी, लक्ष्मीबाई वाहिनी, आजाद वाहिनी व शिवाजी वाहिनी के दल ने कदम से कदम मिलाकर संचलन किया। यह पथ संचलन नगर के चौक बाजार, भूूरा चुंगी, मेंढकी दरवाजा, निर्मल चौराहा आदि जगहों से निकाला गया। पथ संचलन के दौरान ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई। इसके अलावा कैराना कोतवाली प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे। इस दौरान प्रधानाचार्य मदन सिंह, सभासद शगुन मित्तल, स्कूल प्रबंधक प्रदुमन कुमार जैन, प्रमोद गोयल, मोहनलाल कश्यप, डॉ. घनश्याम, डॉ. राजेंद्र आदि मौजूद रहे।

कैराना में सुभाष चन्द बोस जयंती पर पथ संचलन के दौराना सरदार भगत सिंह की वेशभूषा में सजा छात्र- फोटो : SHAMLI