शामली/झिंझाना। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर जिले के अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से विरत रहे। अधिवक्ताओं ने जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विजेंद्र सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में उप निबंधक कार्यालय में तालाबंदी की और धरने पर बैठ गए।
अधिवक्ताओं ने कहा कि जब तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट खंड पीठ की स्थापना नहीं होगी, तब तक प्रत्येक बुधवार को अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से विरत रहेंगे। अधिवक्ताओं ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग की है। मौके पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विजेंद्र कुमार सिंह, सचिव सतेंद्र देशवाल, कोषाध्यक्ष केडी शर्मा, श्रीपाल बालियान, नीलकमल, चंद्रभान सिंह, प्रदीप पंवार, मुकेश गर्ग, चंद्रवीर मौजूद रहे। उधर, झिंझाना में भी तहसील में बार संघ के अध्यक्ष नवीन कुमार के नेतृत्व में वकीलों ने हड़ताल की। रजिस्ट्री कार्यालय का कामकाज बंद कराते हुए रजिस्ट्रार सत्यपाल सिंह को ज्ञापन सौंपा। मौके पर सुरेंद्र सिंह, अमित, रवि, तसव्वर समेत सभी वकील उपस्थित रहे।