फिल्मी अंदाज में अपहरण: दिनदहाड़े बाइक सवार युवक को दबोचा, स्कार्पियो में डालकर ले गए बदमाश, मचा हड़कंप
उत्तर प्रदेश के शामली में बुधवार को दिनदहाड़े युवक का अपहरण कर लिया गया। यहां सरेराह बदमाशों ने बाइक सवार युवक को रोका और उसे स्कार्पियो में डालकर फरार हो गए। अपहृत युवक मेरठ का रहने वाला है। वहीं दिन दहाड़े युवक के अपहरण से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
विस्तार
शामली शहर कोतवाली क्षेत्र में अजंता चौक के निकट स्कार्पियो सवार पांच-छह लोगों ने बाइक सवार युवक हरिओम शर्मा उर्फ मोनू का अपहरण कर लिया। सरेआम दिनदहाड़े युवक के अपहरण का शोर मचने पर पुलिस में खलबली मच गई।
पुलिस ने मौके पर पड़ी बाइक को कब्जे में ले लिया। अपहृत युवक हत्या के मामले की साजिश में शामिल होने का आरोपी है। अपहृत के बहनोई की तरफ से शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच में सामने आया कि अपहृत युवक का नाम मोनू उर्फ हरिओम निवासी गांव भमौरी थाना सरधना जिला मेरठ है।
मोनू के बहनोई लाखन शर्मा निवासी चरथावल की तरफ से स्कार्पियो सवार अज्ञात पांच छह लोगों के खिलाफ अपहरण करने की तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि अपहृत युवक और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: तस्वीरों में कांवड़ यात्रा के रंग: पहले हुक्के में दम, फिर 30 किमी तक 'बोल बम', सड़कों पर शिवभक्ति का नजारा
कोतवाली पुलिस ने बताया अपहृत मोनू के गांव भमौरी में करीब एक माह पहले कृष्ण की हत्या हुई थी। इस मामले में मोनू का भाई मोहित व गांव का एक अन्य युवक सौरभ जेल गया था। इस मामले में मोनू भी हत्या की साजिश का आरोपी है, जो फरार चल रहा था।
बताया गया है कि मोनू बाइक पर सवार होकर शामली किसी काम से आया था। इसकी जानकारी मृतक पक्ष के लोगों को मिल गई। आरोपी के शामली में होने की जानकारी मिलने पर पांच छह लोग किराये की गाड़ी लेकर शामली पहुंचे और मोनू को उठाकर ले गए थे।
एएसपी संतोष कुमार का कहना है कि युवक के अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस टीमें लगी हुई है। जल्द ही युवक को बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।