जच्चा-बच्चा की मौत का मामला: हरकत में स्वास्थ्य विभाग, अस्पताल पर लगाई सील, छह डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
Shamli News : जच्चा-बच्चा की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल पर सील लगा दी है। वहीं, छह डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
विस्तार
सरगम अस्पताल में बीते मंगलवार को हुई जच्चा-बच्चा की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की कुंभकरणी नींद टूट गई। एसीएमओ के नेतृत्व में टीम पहुंची और अस्पताल में सील लगा दी। इसके अलावा मृतका के पति की शिकायत अस्पताल के 6 डाक्टरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शामली जनपद में थाना भवन क्षेत्र के गांव यारपुर निवासी सत्येंद्र कुमार पुत्र बृजपाल ने थानाभवन थाने में तहरीर देते हुए बताया कि उसने पत्नी ज्योति को थानाभवन नगर पंचायत कार्यालय के सामने स्थित सरगम अस्पताल में मंगलवार को प्रसव पीड़ा होने पर भर्ती कराया था। देर रात करीब नौ बजे अस्पताल के चिकित्सकों की लापरवाही के कारण उसकी पत्नी और बच्चे की मौत हो गई।
बताया कि उसने डिलीवरी के लिए 30 हजार रुपये भी जमा किए थे। पत्नी की हालत बिगड़ती गई, मगर चिकित्सकों ने कोई ध्यान नहीं दिया। जिस कारण दोनों की मौत हो गई। मृतका के पति की शिकायत पर पुलिस ने अस्पताल के डॉक्टर अहसान, डॉक्टर सद्दाम, डॉ. अमरीश, डॉ. संगीता, डाॅ. रीता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एसीएमओ अश्वनी कुमार के नेतृत्व में पहुंची टीम ने अस्पताल में पहुंचकर जांच-पड़ताल की और सील लगा दी। इसके अलावा मुल्लापुर मोहल्ले में मौजूद कमल नर्सिंग होम पर भी छापामारी कर सील लगाई गई। यहां पर भी लगातार अनियमितता बरतने की शिकायत विभागीय अधिकारियों को मिल रही थी।
यह भी पढ़ें: Meerut Murder: सिर कटी लाश की हुई पहचान, परिजनों ने पुलिस को नहीं करने दिया अंतिम संस्कार, इस जिद पर अड़े
ग्रामीणों ने दी थी धरने की चेतावनी
अस्पताल में जच्चा और बच्चे की मौत से लोगों में गुस्सा था। लोगों ने बुधवार को मामले के विरोध में सीएमओ कार्यालय पर धरने की चेतावनी दी थी। चेतावनी के बाद ही विभागीय अधिकारी हरकत में आए और अस्पताल में सील की कार्रवाई की।
यह भी पढ़ें: सेना की वर्दी में ठगी: फर्जी कर्नल अरेस्ट, कई राज्यों के युवाओं को बना चुका था शिकार, पूछताछ में खोले बड़े राज