आया था दुल्हन लेने, पहुंच गया हवालात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कैराना । हरियाणा से बारात लेकर रामड़ा गांव आया दूल्हा हवालात में पहुंच गया। विवाह होने पर पुलिस ने दूल्हे सहित दोनों पक्षों के दस लोगों का शांति भंग की धारा में चालान कर दिया।
ग्राम रामड़ा निवासी ताहिर की बेटी का निकाह छह साल पहले झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव असरपुर निवासी मेजर के साथ हुआ था। काफी समय से मेजर की पत्नी अपने मायके रामड़ा में रह रही थी। मेजर से उसकी पत्नी का कोई तलाक भी नहीं हुआ है। इसके बावजूद शुक्रवार को हरियाणा के जिला सोनीपत के गांव झारागढ़ी निवासी सरवर दूल्हा बनकर अपने पिता शराफत और पांच अन्य बारातियों को साथ लेकर रामड़ा निकाह कराने आ गया। निकाह की भनक लगने पर असरपुर निवासी मेजर, उसके परिजन रुकवाने के लिए रामड़ा आ गए।
असरपुर निवासी मेजर के साथ झिंझाना के गांव तिसंग का प्रधान राफा, असरपुर का पूर्व प्रधान यासीन, वर्तमान प्रधान अब्बास भी मौजूद थे। गांव में मेजर और निकाह कराने आए सरवर के परिजनों की पंचायत हुई, जो बेनतीजा रही। जिसके बाद हरियाणा निवासी सरवर पक्ष के लोग विवाहिता को गाड़ी में लेकर चल दिए। मेजर पक्ष के लोगों ने गाड़ी का पीछा करके उन्हें पानीपत रोड पर रॉयल ब्रेक पाइंट के पास रोक लिया। वहां दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।
सूचना पर पुलिस ने मौके से दूल्हे सहित दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में ले लिया और दोनों पक्षों के 10 लोगों का शांति भंग की धारा में चालान कर दिया। कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया कि सरवर और उसके पिता शराफत, मोहसिन, तैय्यब, इनाम, मुस्ताक निवासीगण गांव झारागढ़ी जिला सोनीपत हरियाणा और मोहसिन तथा शब्बीर निवासीगण गांव असरपुर थाना झिंझाना, इस्हाक निवासी गंदराउ, ताहिर निवासी रामड़ा को जेल भेजा गया है।