उद्यमियों ने उठाईं सड़क, बिजली, पानी की समस्याएं
शामली। उद्यमियों ने जिला उद्योग बंधु की बैठक में सड़क, बिजली एवं पानी की समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में डीएम जसजीत कौर की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु की बैठक आयोजित की गई। उद्यमियों ने बताया कि एक औद्योगिक इकाई के ऊपर से गुजर रही 33 केवी की लाइन के तार ढीले हो कर काफी नीचे लटक गए हैं। साइमा के अध्यक्ष अंकित गोयल ने कहा कि सिंचाई विभाग ने 2015 में छह करोड़ रुपये की लागत से इंडस्ट्रियल एरिया से पूर्वी यमुना नहर के खेड़ी करमू पुल तक नाले में पाइप डाले थे। उनमें से कई पाइप टूट गए हैं। टूटे हुए पाइपों को बदलवाने, डीआईसी के प्लांट के बाहर बंद हो चुके नाले को दोबारा बनवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि शामली से इंडस्ट्रियल एरिया तक सड़क में बहुत अधिक गड्ढे हैं। सड़क को सही कराया जाए। बैठक में डीएम ने उद्यमियों की समस्याओं को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त परमहंस मौर्य, एलडीएम शैलेश कुमार, आईआईएम के चेयरमैन अशोक मित्तल, अमित जैन, परविंदर जैन, आयुष बंसल, अनुज गर्ग, विशाल गुप्ता आदि मौजूद रहे।