फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Shamli News ›   Doing center overlooking UP : Shivpal Yadav

केंद्र कर रहा यूपी की अनदेखी : शिवपाल यादव

Tue, 15 Sep 2015 12:57 AM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला/ शामली
ब्यूरो/ अमर उजाला/ शामली Updated Tue, 15 Sep 2015 12:57 AM IST
विज्ञापन
Doing center overlooking UP : Shivpal Yadav
शामली। ऊन तहसील भवन का शिलान्यास करने पहुंचे प्रदेश के केबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव के निशाने पर केंद्र की भाजपा सरकार रही। उन्होंने सिंचाई से लेकर सड़कों के निर्माण में केंद्र सरकार द्वारा यूपी की अनदेखी करने का आरोप लगाया। वहीं उन्होंने सपा सरकार की उपलब्धियां भी खूब गिनवाईं।
विज्ञापन

सोमवार दोपहर करीब 12 बजे केबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव और पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह हेलीकाप्टर से शामली जिले की नवसृजित तहसील ऊन के भवन का शिलान्यास करने पहुंचे। यहां आयोजित जनसभा में शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि एक साल पूर्व कैराना विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के दौरान ऊन आया था, तो आपने नाहिद हसन को जिताने का वादा किया था। आपने अपना वादा पूरा किया, तो हमने भी जनता की मांग पर तहसील बनवाने का वादा पूरा किया है।
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि सपा ने प्रदेश में हर वर्ग को ध्यान में रखकर विकास कराया है। नहरों, रजवाहों की सफाई कराई गई और पानी बढ़ाया, ताकि फसलों की सिंचाई की दिक्कत न हो। केंद्र सरकार से सिंचाई के लिए 2800 करोड़ रुपये मांगे थे, जो नहीं मिले। सड़कों की मरम्मत के लिए 1400 करोड़ मांगे थे, जिसमें से सिर्फ 14 करोड़ रुपया मिला। केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली को भी पत्र लिखा, मगर केंद्र सरकार यूपी की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा मोदी साहब अच्छी जादूगरी करते हैं, बहुत बोल लेते हैं। पौन घंटे में चूड़ीदार पाजामा पहनते हैं। एक बार जो शूट पहन लिया, उसे दोबारा नहीं पहनते। क्या ऐसा शख्स आम आदमी हो सकता है। यदि देश में चाय बेचने वाला हर व्यक्ति ऐसा हो जाए, तो देश फिर से सोने की चिड़िया बन जाएगी। पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने शामली जिले के लिए सपा सरकार की तरफ से किए गए कार्य गिनाएं। साथ ही 400 केवी बिजलीघर, सड़कों के निर्माण के प्रस्ताव भेजने पर उन पर काम कराने का आश्वासन दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

पूर्व मंत्री एवं एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने कहा कि दिल्ली-सहारनपुर हाईवे बनकर जब तैयार हो जाएगा, तो शामली प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में चमकने वाला जिला बनेगा। कैराना से विधायक चौधरी नाहिद हसन ने 11 बिजलीघरों के निर्माण, 1100 हैंडपंप लगवाने, सड़कों का जाल बिछाने सहित अन्य कार्यों को गिनवाया। जिला पंचायत अध्यक्ष मनीष चौहान, जिलाध्यक्ष किरणपाल कश्यप, राज्य मंत्री चौधरी साहब सिंह, पूर्व विधायक ठाकुर जगत सिंह ने भी विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन अजय बाबू शर्मा और कैराना विधायक प्रतिनिधि मनोज राणा ने किया। इस दौरान राज्य मंत्री अयूब अंसारी, डॉ. कुलदीप उज्ज्वल, ऊन चेयरमैन प्रतिनिधि अशोक कुमार, हाजी शमशाद मेरठ, चेयरमैन कांधला हाजी बबला, चेयरमैन कैराना राशिद अली, ऊन तहसील संघर्ष समिति के अध्यक्ष तेजपाल सिंह गुर्जर, ब्लाक प्रमुख अयूब जंग, ब्रजेश वशिष्ठ, शेर सिंह राणा, चेयरमैन हाजी सरफराज, गुलाम मोहम्मद जौला, यशपाल चेयरमैन सहकारी समिति, पिंकी चौधरी, असलम प्रमुख, राशिद पहलवान आदि रहे।

27 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया
शामली। केबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने सोमवार को ऊन तहसील भवन के शिलान्यास के दौरान करीब 27 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
केबिनेट मंत्री ने तहसील ऊन के भवन निर्माण में 340.26 लाख, ऊन तहसील के आवासीय भवन निर्माण में 264.23 लाख, तहसील कैराना के ग्राम इस्सोपुर टील में निरीक्षण भवन निर्माण के लिए 95 लाख, कैराना तितरवाड़ा -इस्सोपुरटील मार्ग के  कार्य हेतु 320.27 लाख, मेरठ -करनाल हाईवे  से झाल, सल्फा मतनावली मार्ग  निर्माण के लिए 80.68 लाख, खुगगान नया गांव से मंडावर मार्ग का निर्माण कार्य 36.06 लाख का शिलान्यास और जलालाबाद से दखेड़ी मार्ग के पुन: निर्माण कार्य के लिए 33.33 लाख, जनपद शामली में पानीपत खटीमा मार्ग के किमी 38 से 51 तक की मरम्मत के लिए 1411.91 लाख और शामली के लोनिवि कार्यालय भवन निर्माण के लिए 123.58 लाख की परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया । इस मौके पर मंत्री ने कहा कि कोरी समाज के लोगों को शासन से अनुसूचित जाति का दर्जा दिया गया है, इसलिए उन्हें अनुसूचित जाति के प्रमाण-पत्र देने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।

कार्यक्रम से जुड़ी झलकियां

पुलिस से दूरी ही अच्छी
केबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव से ऊन के लोगों ने मांग की कि ऊन में कोतवाली बनवाई जाए। इस पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा आप तो जानते हो पुलिस से जितना दूर रहो, उतना अच्छा। जहां थाना होता है, वहीं क्राइम ज्यादा है। वहीं, उन्होंने पुलिस अफसरों से कहा कि यदि क्राइम बढ़ा, तो बख्शे नहीं जाओगे।
रागिनी कलाकारों ने बांधा समां
तहसील भवन के शिलान्यास कार्यक्रम में सुबह से ही ग्रामीणों की भीड़ पहुंचनी शुरू हो गई थी। कार्यक्रम में रागिनी कलाकार भी बुलाए गए थे, जिन्होंने कई रागिनी सुनाकर लोगों का मनोरंजन किया। वहीं, सपा नेताओं के कुछ समर्थक डीजे की थाप पर नाचते-गाते पहुंचे और कार्यक्रम स्थल से गेट पर ही उन्होंने नोट भी खूब उड़ाए।
सरोपा भेंट किया, पगड़ी पहनाई
क्षेत्र से आए सिख समाज के लोगों ने केबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव को सरोपा भेंट किया। वहीं ऊन के लोगों ने तथा जिला पंचायत सदस्य शेर सिंह राणा व उनके साथियों ने पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।

गुटबाजी पर शिवपाल का सियासी मरहम
सपा के दो नेताओं में है राजनीतिक खेमेबंदी
शिवपाल ने चतुराई से दोनों नेताओं को साधा
आनंद प्रकाश
शामली। जिले में सपा नेताओं में चलती गुटबाजी पर शिवपाल यादव ने सियासी मरहम लगाया। उन्होंने एक ओर जहां कैराना विधायक नाहिद हसन को अपना प्रिय बताया, तो वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष मनीष चौहान की तारीफ करना भी नहीं भूले।
गौरतलब है कि पूर्व में कई बार ऐसे अवसर आए, जब विधायक नाहिद हसन और जिला पंचायत अध्यक्ष मनीष चौहान के समर्थकों में टकराव की स्थिति बनी। कभी बनत में पशु पैंठ के ठेके, तो कुछ दिन पूर्व कांधला क्षेत्र के इस्सोपुर टील में रेत उठाने के ठेके को लेकर भी विवाद सामने आ चुका है। दोनों ही नेताओं के बीच खेमेबंदी है, जो सार्वजनिक तौर पर उजागर बेशक नहीं हुई, मगर अंदरूनी तौर पर खूब चल रही है।
ऊन तहसील भवन के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान भी गुटबाजी दिखाई पड़ी। कैराना से सपा विधायक नाहिद हसन के समर्थक लगातार नारेबाजी करते रहे। जब एमएलसी वीरेंद्र सिंह भाषण दे रहे थे, तब भी नारेबाजी होती रही। इस पर वीरेंद्र सिंह बोल भी पड़े कि थम जाओ और भी हूं यहां, ज्यादा उपद्रव ना तारो। इसके बाद उन्होंने अपना भाषण दिया। उधर, शिवपाल सिंह यादव ने संबोधन की शुरुआत में ही विधायक नाहिद हसन को अपना प्रिय बताने के साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष मनीष चौहान की खूब तारीफ कीं। वहीं, जब शिवपाल सिंह यादव हैलीपैड पर पहुंचे, तो वहां भी जिला पंचायत अध्यक्ष मनीष चौहान से एक तरफ खड़े होकर कुछ देर बातचीत की। इसके बाद उन्होंने एसपी विजय भूषण और डीएम ओपी तथा मनीष चौहान की तरफ इशारा कर कुछ कहा। इसके बाद एमएलसी वीरेंद्र सिंह को साथ हेलीकाप्टर में ले गए।
नाहिद को मंत्री बनाने की उठाई मांग
ऊन में कार्यक्रम के दौरान कैराना से सपा विधायक नाहिद हसन के समर्थकों ने खूब नारेबाजी की। केबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव से बार बार मांग करते रहे कि नाहिद हसन को मंत्री बनाने का वादा भी पूरा करो। इस पर उन्होंने कहा कि वह झूठा वादा नहीं करेंगे, इस बारे में लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री को अवगत कराया जाएगा। वहीं, उन्होंने यह भी कहा कि मेरा बस चले, तो अपनी कुर्सी छोड़ दूं पर यह निर्णय मुख्यमंत्री स्तर पर ही होगा।

हाईवे चौड़ीकरण में व्यापारियों का रखें ख्याल
व्यापारी नेताओं ने दिया शिवपाल सिंह यादव को ज्ञापन
शामली। मेरठ - करनाल हाईवे फोरलेन चौड़ीकरण के विरोध में पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल ने केबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा शामली में हाईवे चौड़ीकरण होने से सैकड़ों व्यापारियों का व्यापार चौपट हो जाएगा, लिहाजा शामली में बाईपास बनवाया जाए।
व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष घनश्यामदास गर्ग ने केबिनेट मंत्री से कहा हाईवे चौड़ीकरण के नाम पर लोनिवि अधिकारी व्यापारियों का उत्पीड़न कर रहे हैं। कई व्यापारी ऐसे हैं, जिनकी पूरी दुकान ही तोड़ने पर आमादा हैं। ऐसे में व्यापारी परिवार के सामने दो वक्त की रोटी के भी लाले पड़ जाएंगे। इसलिए शामली में हाईवे चौड़ीकरण नहीं किया जाए, बल्कि बाईपास निकाला जाए। इस मामले में केबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने मंच से ही कहा फोर लेन बनाया जाए, लेकिन व्यापारियों का भी ख्याल रखें। सड़क चौड़ी करने के लिए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई व्यापारियों की सहमति से होनी चाहिए। ज्ञापन देने वाले प्रतिनिधि मंडल में रवि संगल, सत्येंद्र जैन, उमेश खुरगान, पवन कुमार, सलेक चंद आर्य आदि रहे।
उधर, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल झिंझाना के व्यापारियों आशीष मित्तल, अंकुर मित्तल, राम कुमार, वरुण मित्तल ने केबिनेट मंत्री को ज्ञापन देकर बिजली व्यवस्था सुधारने, क्षेत्र की कई खस्ताहाल सड़कों का निर्माण कराने की मांग की।
संघर्ष समिति ने 10 सूत्रीय ज्ञापन दिया
ऊन तहसील बनाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने केबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव को 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ऊन और कैराना विकास खंड क्षेत्र में जलस्तर ठीक कराने के लिए काठा नदी में पानी छोड़ने की मांग की। ऊन क्षेत्र में सरकारी डिग्री कॉलेज, आईटीआई और खेल स्टेडियम बनवाने, खेड़ी खुशनाम और नौनांगली के बिजलीघरों को चालू कराने, बंजर भूमि से भूमाफिया के कब्जे हटवाने, ऊन-चौसाना मार्ग, ऊन से शुगर मिल मार्ग, म िल मार्ग से मुंडेट चौराहा, ऊन से गढ़ी पुख्ता और कैल शिकारपुर मार्ग को बनवाने की मांग की। इसके अलावा हथछोया ब्लाक ऊन का जूनियर हाईस्कूल को अप ग्रेड कराने, ऊन तहसील में रजिस्ट्री कार्यालय खुलवाने, ऊन में थाना और सीओ कार्यालय बनवाने की मांग भी की।
बिजली की दरें कम कराने की मांग
शामली के लोगों ने केबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव से मांग की कि बढ़ाई गई विद्युत दरों को कम किया जाए। पूर्व में जिनका बिल 250 रुपये आता था, अब 700 आ रहा है। मांग करने वालों में विजय भारद्वाज, तनरेश रुहेला, मोहन लाल, प्रमोद वर्मा, असगर अली, सोमपाल सिंह, राम कुमार, मोहम्मद शाहिद, किसान चंद, रोहित, बिल्लू, अतुल बंसल शामिल हैं।

शिक्षामित्रों के मामले पर विचार कर रही है सरकार
- बिहार चुनाव से पहले महागठबंधन से हटने के सवाल पर किनारा कर गए
शामली। केबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि शिक्षामित्रों के मामले पर प्रदेश सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। शिक्षामित्रों द्वारा आत्महत्या करने को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
सोमवार को ऊन तहसील भवन का शिलान्यास करने पहुंचे शिवपाल सिंह यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षा मित्रों को सहायक अध्यापक पर समायोजित कर लाभ दिया था। अब कोर्ट ने फैसला दिया है, उसमें क्या कर सकते हैं। हालांकि शिक्षामित्रों की इतनी बड़ी तादाद को देखते हुए प्रदेश सरकार विचार कर रही है। कोर्ट के फैसले को देखा जाएगा, जिसके बाद कोई फैसला लिया जाएगा।

बिहार चुनाव के पूर्व महा गठबंधन से बाहर होने पर उन्होंने कहा कि सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने सोच समझकर निर्णय लिया है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों का हमेशा सपा ने ही विरोध किया है, जो लोग भाजपा से नजदीकी की बात कर रहे हैं, वह इतिहास पर गौर करें। समाजवादी पार्टी ने जनता के हित में काम किया है, जबकि भाजपा सरकार पूंजीपतियों के लिए काम कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed