मेरठ: सकौती टांडा में दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस का ठहराव शुरू, प्रायोगिक आधार पर मिली मंजूरी
सकौती टांडा स्टेशन पर 14303/14304 दिल्ली-हरिद्वार-दिल्ली एक्सप्रेस का प्रायोगिक आधार पर ठहराव शुरू हो गया है। वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से क्षेत्र के यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
विस्तार
मेरठ के दौराला क्षेत्र में सकौती टांडा और आसपास के लोगों की वर्षों पुरानी ट्रेन ठहराव की मांग शुक्रवार को पूरी हो गई। रेलवे मंत्रालय की स्वीकृति के बाद 14303/14304 दिल्ली-हरिद्वार-दिल्ली एक्सप्रेस का सकौती टांडा स्टेशन पर प्रायोगिक आधार पर ठहराव शुरू कर दिया गया। इस मौके पर नंगली तीर्थ के महामंडलेश्वर शिव प्रेमानंद और श्रम कल्याण परिषद के पूर्व अध्यक्ष पंडित सुनील भराला ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
लंबे प्रयास के बाद मिली मंजूरी
पंडित सुनील भराला ने बताया कि सकौती टांडा में ट्रेन ठहराव की मांग को लेकर उन्होंने रेल मंत्री और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष लगातार मुद्दा उठाया था। लंबे प्रयास के बाद रेलवे ने ठहराव को मंजूरी दी। उन्होंने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं है, बल्कि क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी मांग और सामूहिक प्रयासों की सफलता है।
दिल्ली जाने वाली ट्रेन शाम 7:46 बजे पहुंचेगी
रेलवे के निर्धारित समय के अनुसार 14303 दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस शाम 7:46 बजे सकौती टांडा स्टेशन पहुंचेगी और एक मिनट बाद 7:47 बजे रवाना होगी। वहीं, 14304 हरिद्वार-दिल्ली एक्सप्रेस दोपहर 12:15 बजे सकौती टांडा पहुंचेगी और 12:16 बजे प्रस्थान करेगी। यह व्यवस्था शुक्रवार से प्रभावी हो गई है।
विद्यार्थियों और व्यापारियों को होगा लाभ
ट्रेन के ठहराव से सकौती टांडा, सकौती और आसपास के गांवों के यात्रियों को दिल्ली, हरिद्वार समेत मार्ग में पड़ने वाले प्रमुख शहरों तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी। विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और श्रद्धालुओं को इसका विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।
पांच महीने में होगी समीक्षा
उत्तर रेलवे ने इस ठहराव को प्रायोगिक आधार पर मंजूरी दी है। रेलवे की ओर से टिकट बिक्री की समीक्षा कर पांच महीने के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। ट्रेन का ठहराव शुरू होने पर स्थानीय लोगों ने पंडित सुनील भराला का आभार जताया और इसे क्षेत्र के लिए बड़ी सुविधा बताया।