उफान पर यमुना: बाढ़ में बह गए बेटी की शादी के अरमान, फसलें नष्ट होने पर छलका किसानों का दर्द
Shamli News : बाढ़ ने पूरे जिले में कहर मचाया हुआ है। फसलें नष्ट होने पर किसानों ने अपना दर्द बयां किया है। वहीं, बेटी की शादी के अरमान भी बाढ़ में बह गए हैं।
विस्तार
गांव मवी निवासी सलेक चंद ने बताया कि तीतरवाडा बैंक से तीन लाख का ऋण लेकर 15 बीघा जमीन में मिर्च, मुली, भिंडी, चरी आदि की फसल लगाई थी। फसल को देख उम्मीद थी कि इस बार अच्छा मुनाफा होगा और बैंक का ऋण भी उतार देगा। बाकी रकम से बेटी की शादी भी कर देगा। लेकिन भगवान को यह मंजूर नहीं था। सारी फसल बाढ़ में बह गई। अब शादी अगले साल ही करनी पड़ेगी।
मवी के ग्राम प्रधान मित्रसैन ने बताया कि दो लाख रुपये पानीपत के आढ़ती से ब्याज पर लिए थे। 15 बीघा ईंख बाढ़ के पानी में डूबने से नष्ट हो गई। तीन-चार लाख रुपये का नुकसान हो गया है। कहा कि ऐसी मुश्किल में भी आढ़ती का ब्याज तो चलता रहेगा।
मवी निवासी सजाऊद्दीन ने बताया कि मामौर के पास 10 बीघा में धान, ज्वार की फसल बोई थी। सारी फसल बाढ़ के पानी में बह गई। सोचा था कि फसल से फायदा होगा, तो मकान की मरम्मत करा लूंगा, लेकिन लाखों रुपये का नुकसान हो गया है।
यह भी पढ़ें: उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार, नहीं रहे फूल से बच्चे, भावुक कर देंगी ये तस्वीरें
मवी निवासी शोकीन ने बताया कि उसके चार बेटियां शादी लायक हो रही हैं। जैसे-तैसे करके मामौर के पास 10 बीघा धान व ज्वार की फसल उगाई थी। सोचा था कि मुनाफा हुआ तो एक बेटी के हाथ पीले कर दूंगा, लेकिन बेटी की शादी के अरमान भी बाढ़ के पानी में बह गए हैं।
यह भी पढ़ें: छह जिंदगियों का दर्दनाक अंत: पलक झपकते ही उजड़ गया परिवार, गांव में पसरा मातम, घरों में नहीं जले चूल्हे