UP: प्रेमिका के खातिर बन बैठे लुटेरे, आर्मी की तैयारी कर रहे थे तीनों बीए के छात्र, घटना का हुआ खुलासा
Shamli News : आर्मी की तैयारी कर रहे बीए के तीन छात्र प्रेमिका के चक्कर में लुटेरे बन बैठे। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर लूटी हुई बाइक बरामद हुई है।
विस्तार
आर्मी में भर्ती की तैयारी कर रहे बीए के छात्रों ने प्रेमिका से मिलने के चक्कर में बाइक लूट की घटना को अंजाम दे दिया। मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन बीए के छात्रों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई बाइक भी बरामद कर ली गई है।
शामली में कांधला क्षेत्र के गांव ताहिरपुर भभीसा निवासी राहुल कुमार पुत्र ओमबीर सिंह 22 फरवरी को अपनी बाइक से सवार होकर हरियाणा के सोनीपत में किसी कार्य से गया था। वापस लौटते समय वह देर शाम एलम कनियान भनेड़ा मार्ग से होते हुए वापस ताहिरपुर भभीसा लौट रहा था। वापस लौटते समय तीन युवकों ने उसके ऊपर डंडे से प्रहार करके बाइक व 3500 रुपये की लूट की घटना को अंजाम दिया था। जिसके बाद पीड़ित ने थाने में तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की।
मामले में थाना प्रभारी के अतिरिक्त एसओजी शामली व सर्विलांस कार्य कर रही थी। पुलिस ने दिनेश पुत्र वीरेंद्र निवासी ग्राम भारसी को गिरफ्तार किया तो उसने बताया कि वह आर्मी में भर्ती की तैयारी कर रहा है। जिसके लिए वह दौड़ लगाने के लिए रोजाना भनेड़ा स्टेडियम में जाता है। जहां पर इसकी मुलाकात हर्षित व तुषार से हुई थी। तीनों बीए के छात्र हैं। इस दौरान तीनों में दोस्ती हो गई थी।
वहीं, 22 फरवरी को तुषार उर्फ काला ने उसे बताया कि उसे जनपद बागपत में अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए जाना है, लेकिन उसके पास जाने का कोई साधन नहीं है। जिसके बाद तीनों ने मिलकर बाइक लूट का प्लान बनाया और तीनों पैदल कनियान भनेड़ा मार्ग पर चल पडे़। इस दौरान तुषार ने रास्ते में पड़ा एक डंडा उठा लिया। इसी दौरान पीछे से एक युवक बाइक लेकर आया तो तुषार ने उस पर डंडे से प्रहार कर दिया। जिससे बाइक सवार गिर पड़ा और खड़ा होकर मौके से भाग गया।
यह भी पढ़ें: पीड़िता मांगे न्याय: पत्नी की कीमत लगाई डेढ़ लाख, भरी पंचायत में पति ने सुना दिया ऐसा फैसला
इसके बाद तीनों युवक बाइक को लेकर वहां फरार हो गए। पकडे़ गए युवकों ने अपना नाम हर्षित पुत्र नरेंद्र निवासी ग्राम ताहिरपुर भभीसा और तुषार उर्फ काला पुत्र प्रमोद निवासी भनेड़ा बताया। पुलिस ने तीनों युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह भी पढ़ें: UP: जीवा हत्याकांड में कुख्यात बदन सिंह बद्दो के खिलाफ चार्जशीट दाखिल, कोर्ट के भीतर गोलियों से किया था छलनी