शामली। दिल्ली-शामली-सहारनपुर हाईवे पर बलवा में दो, सदर तहसील के पास एक उपरिगामी पुल निर्माण के लिए 14 नवंबर को दिल्ली में आनलाइन टेंडर खोले जाएंगे। टेंडर के बाद निर्माण का रास्ता साफ हो जाएगा। नए साल में उपरिगामी पुलों का निर्माण शुरू होने की उम्मीद है।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण बागपत इकाई की ओर से दिल्ली-शामली-सहारनपुर हाईवे के बलवा में दो, सदर तहसील के पास उपरिगामी पुल नहीं बनाए गए। इन स्थानों पर पुल न बनने से सड़क हादसे होते रहते हैं। हादसों को रोकने के लिए एनएचएआई बागपत इकाई की ओर से बलवा पर दो और सदर तहसील के पास एक उपरिगामी पुल का एस्टीमेट बनाकर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय नई दिल्ली को भेजा गया था। उपरिगामी पुलों को भारत सरकार के राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण नई दिल्ली से स्वीकृति मिलने के बाद सात सदस्यीय तकनीकी समिति ने स्वीकृति दी थी। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय नई दिल्ली की ओर से तीनों उपरिगामी पुलों के टेंडर छोड़े गए थे। चार नवंबर को आनलाइन टेंडर खोले जाने थे, किंतु आनलाइन टेंडरों का समय आगामी 14 नवंबर तक बढ़ा दिया है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण बागपत के साइट इंजीनियर राजन पांडे ने बताया कि 14 नवंबर को उपरिगामी पुलों के निर्माण के ऑनलाइन टेंडर खोले जाएंगे। इसके बाद अगले साल 2026 की शुरुआत में उपरिगामी पुलों का निर्माण शुरू हो जाएगा। पुलों का निर्माण होने पर हाईवे पर आवगमन सुरक्षित होगा।