थानाभवन। अंबाला-शामली ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे निर्माण में भवन स्वामियों को भी कृषि भूमि के बराबर मुआवजा देने के विरोध में लोगों ने हाइवे पर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पूरी ना हुई तो वह उग्र आंदोलन करेंगे।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से अंबाला- शामली ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे के निर्माण की प्रक्रिया जारी है। यह एक्सप्रेसवे थाना भवन के नोगावां पट्टी से होकर गुजर रहा है। नोगावां पट्टी में जहां अधिकतर खेत की भूमि है, वहीं इस भूमि में कई स्थानों पर नगर के बजाज शुगर मिल के पास कॉलोनियों का भी निर्माण हुआ है। जिसमें बजाज एजेंसी का शोरूम के साथ साथ कई मकान भी हैं। लेकिन प्रशासन ने भूमि पर मकान बने हुए न दिखाकर सारी भूमि को कृषि भूमि दर्शाया है। उन्हें कृषि भूमि का ही मुआवजा दिया जाना सुनिश्चित किया गया है। ऐसे में लाखों की लागत लगाने के बावजूद पीड़ित मकान मालिकों को केवल कृषि भूमि का ही मुआवजा मिलेगा। इसे लेकर उनमें रोष व्याप्त है। मामले को लेकर नागरिकों ने डीएम सहित कई उच्चाधिकारियों को एक पत्र भेज कर मौजूदा स्थिति के आधार पर मुआवजा देने की मांग की है। नागरिकों ने कॉलोनी के बाहर शामियाना लगाकर आंशिक धरना भी दिया। धरना-प्रदर्शन में नरेश कुमार, सुग्रीव कुमार, मनोज कुमार, विक्रांत शर्मा, योगेश कुमार आदि मौजूद रहे।