सबके राम: सात समंदर पार तक श्री राम की जय-जयकार, गुड माॅर्निंग की जगह 'जय श्री राम' बोलने की पहल
प्रभु श्रीराम के नाम का जाप करने के लिए विदेशों में रहने वाले भारतीयों ने आने वाली कॉल के समय नमस्ते, गुड माॅर्निंग और गुड नाइट की जगह जय श्रीराम बोलने की पहल की शुरुआत की है।
विस्तार
अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को हो रही है। भारत के साथ सात समंदर पार भी श्री राम की जय-जयकार हो रही है। इंडोनेशिया से लेकर हांगकांग में जश्न की तैयारी वहां रह रहे शामली, मेरठ और अन्य स्थानों के लोग कर रहे है। साथ ही कुछ लोग इस दिन को खास बनाने के लिए विदेश से आकर घर पर ही सेलीब्रेट करने की तैयारी में जुट गए हैं।
इंडोनेशिया में जहां 19 जनवरी से निशुल्क दीयों का वितरण किया जाएगा। वहीं प्रभु श्रीराम के नाम का जाप करने के लिए विदेशों में रहने वाले भारतीयों ने आने वाली कॉल के समय नमस्ते, गुड माॅर्निंग और गुड नाइट की जगह जय श्रीराम बोलने की पहल की शुरूआत की है। शामली, मेरठ, मुजफ्फरनगर के विदेशों में बसे लोग किस तरह से रामलला की प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन को सेलीब्रेट कर रहे हैं, उनकी तैयारियों को लेकर विशेष रिपोर्ट....
जकार्ता में तीन जगह होंगे बड़े कार्यक्रम, बांटे जाएंगे निशुल्क दीये, मनेगी दीवाली
शामली के नया बाजार निवासी श्रवण संगल पिछले करीब 30 सालों से इंडोनेशिया के जकार्ता में परिवार समेत रहते हैं और नामी कंपनी में इंजीनियर है। परिवार में दो बच्चों के अलावा पत्नी आशी संगल भी हैं। बताया कि पूर्वी जकार्ता में उनके और उनकी टीम द्वारा मंदिर में बड़ा प्रोग्राम होगा, वहीं 22 जनवरी को लाइव टेलीकास्ट भी दिखाया जाएगा। भंडारा और पूजा-अर्चना का कार्यक्रम 40 पंडितों द्वारा कराया जाएगा।
उत्तरी जकार्ता के कम्यूनिटी हाॅल में पूजा अर्चना के कार्यक्रम के साथ-साथ अयोध्या प्राण प्रतिष्ठा का लाइव टेलीकास्ट दिखाया जाएगा। जिसकी तैयारी पूरी की जा चुकी है। तीसरा मध्य जकार्ता देवी मंदिर में बड़ा कार्यक्रम होगा। 19 जनवरी से सभी घरों में पांच पांच दीये निशुल्क वितरित किए जाएंगे। करीब 20 हजार दीये वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है। बेटा ओम संगल हांगकांग में 22 जनवरी को को सेलीब्रेट करने की तैयारी कर रहा है।
मेरठ जाकर जश्न बनाने की तैयारी, जकार्ता में भी होगा बड़ा कार्यक्रम
मेरठ के ब्रह्मपुरी निवासी सत्यपाल सिंह जकार्ता में पिछले 33 साल से रह रहे हैं। प्राइवेट कंपनी में जनरल मैनेजर के पद पर तैनात हैं। बताया कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर जकार्ता में रह रहे शामली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और बागपत के लोगों में खुशी है।
नाॅर्थ जकार्ता में प्राण प्रतिष्ठा के दिन पूजा-अर्चना और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा पत्नी ज्योत्सना सिंह और परिवार के अन्य लोग प्राण प्रतिष्ठा को सेलीब्रेट करने के लिए घर जाने की तैयारी में हैं। परिवार के सदस्य मेरठ दादा-दादी के साथ भी दिन को सेलीब्रेट कर सकते हैं।
सत्यपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने एक नई पहल में तहत गुड माॅर्निंग, गुड नाइट या फिर नमस्ते बोलने वालों से जय श्रीराम बोलने की अपील की है। अब तक तीन हजार से अधिक से अपील की गई है। हाल ही में हुए एक कार्यक्रम में भी गुड माॅर्निंग के स्थान पर जय श्रीराम बोलने की अपील भारत और जकार्ता के लोगों से की गई थी।
इंडोनेशिया में होगी रामकथा
सरधना के बड़ा बाजार रहने वाली अर्चना राठी पिछले कई साल से इंडोनेशिया में परिवार समेत रह रही हैं। बताया कि पति दीपक राठी बिजनेसमैन है। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर परिवार में खुशी की लहर है। शिव मंदिर में जहां भजन कीर्तन का कार्यक्रम होगा। जिसमें भारत के साथ-साथ इंडोनेशिया के लोग भी भागीदारी करेंगे। रामकथा का भी आयोजन किया जाएगा।