शामली। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटर की कई विषयों की परीक्षा हुई। हाईस्कूल संगीत वादन की परीक्षा में एक परीक्षार्थी पंजीकृत था, लेकिन वह परीक्षा देने नहीं पहुंचा। इंटर की अर्थशास्त्र एवं वाणिज्य भूगोल की परीक्षा में पंजीकृत तीनों परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए।
सोमवार को यूपी बोर्ड की परीक्षा में सुबह प्रथम पाली में हाईस्कूल और इंटर की उर्दू विषय की 11 केंद्रों पर परीक्षा हुई। हाईस्कूल में 114 में 106 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि आठ अनुपस्थित रहे। इंटर में कुल पंजीकृत 50 में 45 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि पांच अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में जिले के सभी 34 केंद्रों पर इंटर की नागरिक शास्त्र में कुल पंजीकृत 3848 में 3673 परीक्षा में उपस्थित रहे, जबकि 175 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। रसायन विज्ञान की परीक्षा में कुल पंजीकृत 3489 में 3375 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 114 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। अर्थशास्त्र एवं वाणिज्य भूगोल की परीक्षा में पंजीकृत तीनों परीक्षार्थी उपस्थित रहे। इनमें एक परीक्षार्थी ने चौसाना के जय भारत किसान इंटर कालेज पर और दो परीक्षार्थियों ने जनता इंटर कालेज लिसाढ़ पर परीक्षा दी है। हाईस्कूल में संगीत वादन की परीक्षा में मात्र एक परीक्षार्थी पंजीकृत था, लेकिन वह परीक्षा देने नहीं पहुंचा। डीआईओएस सरदार सिंह ने बताया कि उन्होंने थानाभवन और जलालाबाद में चार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।