Shamli News: भाकियू ने निकाली ट्रैक्टर रैली, नारेबाजी करते हुए किसान पहुंचे कलक्ट्रेट, पुलिस से हुई नोकझोंक
Shamli News : भाकियू कार्यकर्ता और किसान नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पंहुचे। बताया गया कि कुछ ट्रैक्टर को छोड़कर सभी ट्रैक्टर कलक्ट्रेट से पहले खड़े कर दिए गए।
विस्तार
शामली में नए सत्र का 500 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य घोषित करने सहित 11 सूत्रीय मांगों को लेकर भाकियू टिकैत के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों से शहर में ट्रैक्टर रैली निकाली। किसान नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। किसानों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह को सौंपा। इस दौरान कलक्ट्रेट मे अंदर जाने को लेकर किसानों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई।
शुक्रवार को सुबह 11 बजे भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष कालेंद्र मलिक के नेतृत्व में भाकियू कार्यकर्ता ट्रैक्टर लेकर पुराने मुजफ्फरनगर बस अड्डे पर इकट्ठा हुए। भाकियू जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ता ट्रैक्टर रैली निकाल कर शहर के धीमानपुरा फाटक, गुरूद्वारा, एसटी तिराहा से होकर बनत में शामली कलक्ट्रेट में नारेबाजी करते हुए पंहुचे। कुछ ट्रैक्टर को छोड़कर सभी ट्रैक्टर कलक्ट्रेट से पहले खड़े कर दिए गए। कलक्ट्रेट पहुंचकर भाकियू जिलाध्यक्ष ,बहावडी थांबेदार श्याम सिंह समेत भाकियू कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह को सौंपा।
ज्ञापन में भाकियू कार्यकर्ताओं ने कहा कि कोरोना काल के दोनों सालो में देश की जीडीपी में गिरावट आई है। किसानों की खेती पर बढ़ता खर्च और फसलों के वाजिब दाम न मिलने से किसान कर्ज में दबता जा रहा है। किसान अपनी भूमि को गिरवी रखकर बैंको से कर्ज ले रहा है। किसानों को मुफ्त सिचाई की घोषणा की गई थी, लेकिन आज तक पूरी नहीं हुई है। निजी नलकूपों पर मीटर लगाने का विरोध करते तत्काल प्रभाव से रोके जाने, नए गन्ना पेराई सत्र में 500 रुपये प्रति गन्ना भाव घोषित करने, गन्ना भुगतान डिजिटल करने और बकाया गन्ना भुगतान जल्द किए जाने की मांग उठाई।
जमकर की नारेबाजी
भाकियू एनसीआर के महासचिव कपिल खाटियान अपने समर्थकों के साथ भैसवाल रोड स्थित शामली गुड मंडी स्थल पर इकट्ठा हुए। यहां से धीमान पुरा रेलवे फाटक से होकर शामली कलक्ट्रेट में नारे बाजी करते पहुंचे। उनके साथ शौकेंद्र, देवराज पहलवाल भैसवाल, आाशीष चौधरी, बिटटू, लोकेंद्र सिह, अवनीश अमरीश, गडडू बनत, गडडू चौधरी, राजन जावला, सतपाल पहलवान शामिल रहे। भाकियू जिलाध्यक्ष कालेंद्र मलिक के साथ बहावडी थांबेदार श्याम सिंह, लांक थांबेदार रविंद्र सिंह, डाॅ. उदयवीर सिंह, राजू ठाकुर, गौतम पंवार, ऋषिपाल लंबरदार, सरदार पाले सिंह, विदेश मलिक, योगेंद्र पंवार, कविता चौधरी, अजयवीर त्यागी, ईश्वर फौजी आदि रहे।
दो गुटों में बंटे नजर आए कार्यकर्ता
भाकियू की ट्रैक्टर रैली में जिले में भाकियू के दो गुट उभर कर आए। भाकियू के दोनों गुटों ने ट्रैक्टर रैली में अपनी ताकत दिखाई। एक गुट का जिलाध्यक्ष कालेंद्र मलिक तो दूसरे गुट का नेतृत्व एनसीआर महासचिव कपिल खाटियान कर रहे थे।
यह भी पढ़ें: UP: मौलाना का ऐसा गंदा सच, पैरों तले खिसक गई जमीन, सदमे से नहीं उभर पाई पीड़िता, खुल रहे रूह कंपाने वाले राज
जाम के कारण जनता रही परेशान
ट्रैक्टर रैली के कारण शहर में दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। धीमानपुरा फाटक से लेकर दिल्ली रोड, कैराना राेड पर भी वाहन चालक जाम में फंसे नजर आए। धूप के कारण भी वाहन चालकों का बुरा हाल हो रहा था।
यह भी पढ़ें: डबल मर्डर केस: महापंचायत का एलान, हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम, दर्दनाक थी वारदात