Holi 2025: इस शहर का युवक बनेगा 'लाट साहब', शाहजहांपुर में होली पर निकाला जाएगा जुलूस
शाहजहांपुर में होली पर लाट साहब के रूप में अनूठा जुलूस निकाला जाता है। इसमें एक युवक को लाट साहब बनाकर शहर में घुमाया जाता है। इस बार भी मुरादाबाद का युवक लाट साहब बनाया जाएगा।
विस्तार
शाहजहांपुर में होली पर निकलने वाले जुलूस के लिए इस बार भी मुरादाबाद के उसी युवक को लाट साहब बनाया जाएगा, जो पिछले साल था। आयोजकों ने उसे ही फाइनल कर दिया है। साथ ही स्थानीय दो लोग रिजर्व में रखे गए हैं। आयोजक संजय वर्मा ने बताया कि होली से तीन दिन पहले लाट साहब को बुलाकर चिकित्सीय परीक्षण कराएंगे। उसके बाद लाट साहब की खातिरदारी शुरू कर दी जाएगी। दूसरी ओर पुलिस ने सुरक्षा के लिए खाका तैयार कर लिया है।
हुड़दंगियों पर आईटीएमएस से नजर रखी जाएगी। साथ ही पुलिसकर्मी छतों पर तैनात होकर वीडियोग्राफी करेंगे। लाट साहब के जुलूस में गत वर्ष पुलिस की गाड़ियों को निशाना बनाए जाने को लेकर प्रशासन काफी ज्यादा सख्त है। सदर के नौ और कोतवाली के पांच लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं।
ये लोग गत वर्ष चिह्नित किए गए थे। इसके अतिरिक्त सेक्टर व जोन में बढ़ोतरी भी कर दी गई। पुलिस ने लाट साहब के रूट पर कैमरे के साथ सिपाहियों को तैनात करने की तैयारी की है। वीडियो होने पर गड़बड़ी करने वालों को चिह्नित करने में आसानी होगी। इसी तरह आईटीएमएस से निगाह रखी जाएगी। गड़बड़ी करने वालों की बाइकों के फोटो खींचकर पुलिस हुड़दंगियों तक पहुंचेगी।
जज्बे को सलाम: पैरों से अपनी तकदीर लिख रही प्रीती, बीमारी ने छीने हाथ तो लोग बोले थे- बेटी अब किसी काम की नहीं
सीओ सिटी पंकज पंत ने बताया कि लाट साहब के जुलूस के लिए तैयारी अंतिम चरण में हैं। पीस कमेटी की बैठकें चल रहीं हैं। आरएएफ-पीएसी बल भी 11 मार्च तक आ जाएंगी। फोर्स का रूट मार्च कराया जाएगा। ड्रोन से लेकर सीसीटीवी और अन्य कैमरों से वीडियोग्राफी कराएंगे।
300 साल पुरानी है परंपरा
होली के मौके पर लाट साहब के पांच जुलूस निकाले जाते हैं। सबसे ज्यादा बड़े और छोटे लाट साहब को लेकर पुलिस चिंतित रहती है। एक व्यक्ति को लाट साहब बनाकर भैंसागाड़ी से घुमाया जाता है। लाट साहब पर जूता-चप्पलों के साथ रंगों की बौछार होती है। यह परंपरा करीब 300 साल पुरानी है। आरसी मिशन और चौकसी से निकलने वाले जुलूस में सबसे ज्यादा हुड़दंग होने के कारण पुलिस को यहां पर ज्यादा प्रबंधन करना पड़ता है।
बड़े व छोटे लाट साहब के जुलूस और होलिका दहन को लेकर डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने सेक्टर, जोनल और स्टेटिक मजिस्ट्रेट के साथ बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भ्रमण करके अपने-अपने ड्यूटी बिंदु की व्यवस्था देख लें। डीएम ने कहा कि विद्युत लाइन, खंभे, ट्रांसफॉर्मर ढकने, धार्मिक स्थलों पर बैरिकेडिंग सहित अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लें। ड्यूटी वाले स्थान पर अधिकारी अपने आसपास संभ्रांत नागरिकों से संपर्क कर लें।
होली वाले दिन सुबह सात बजे से जुलूस संपन्न होने के बाद तक ड्यूटी करना है। कोई भी निर्धारित समय तक ड्यूटी प्वाइंट नहीं छोड़ेगा। उन्होंने कहा कि जुलूस मार्गों पर दो पहिया एवं चार पहिया वाहन पूर्णतय: प्रतिबंधित रहेंगे। सभी को संवेदनशील एवं सतर्कता के साथ जुलूस को संपन्न कराना है। होली दहन स्थल पर लगे अधिकारी अपने क्षेत्र व्यवस्थाओं को देख लें। होली दहन स्थलों पर साफ-सफाई, बालू उपलब्धता समेत आदि व्यवस्थाएं की जाएं।