Shahjahanpur: मोबाइल फोन में चार्जर लगाते समय युवक को लगा करंट का तेज झटका, मौके पर मौत
शाहजहांपुर जिले के निगोही क्षेत्र में दर्दनाक घटना घटित हुई है। गांव ढकिया तिवारी में शनिवार को 11 हजार वोल्टेज की विद्युत लाइन का जंपर टूटकर ट्रांसफॉर्मर से छू गया। इससे अचानक वोल्टेज हाई हो गया। उसी वक्त घर में मोबाइल फोन को चार्जिंग पर लगा रहे युवक को करंट का तेज झटका लगा, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शाहजहांपुर के निगोही क्षेत्र के गांव ढकिया तिवारी में शनिवार सुबह घर में मोबाइल फोन चार्जिंग पर लगा रहे श्रवण कुमार के 25 वर्षीय पुत्र मोहित की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 11 केवीए का तार टूटकर जंपर से टकराने से हाईवोल्टेज हो गया था। मामले में एक्सईएन ग्रामीण ने जांच के आदेश दिए हैं।
गांव के दक्षिण में दस केवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे तेज हवा चल रही थी। इस वजह से 11 केवीए का तार टूटकर ट्रांसफार्मर के जंफर पर जा गिरा। इससे तारों में तेज करंट प्रवाहित होने लगा। इसी बीच घर में बिजली के बोर्ड में मोबाइल फोन का चार्जर लगा रहे मोहित को करंट लग गया। वह छटपटाकर जमीन पर गिर गया।
सांस की आस में युवक को निजी अस्पताल ले गए
आनन-फानन परिजन घर की लाइन बंद करने के बाद उसे गांव के चिकित्सक के पास लेकर गए। यहां डाक्टर ने मोहित को मृत घोषित कर दिया। परिजन को उनकी बात पर विश्वास नहीं हुआ तो प्रधान अखिलेश सिंह ने कार का इंतजाम कर शाहजहांपुर के निजी चिकित्सालय में भिजवाया, जहां भी उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मोहित अपने पीछे पत्नी प्रीति, पुत्री प्रियंका, मां राजश्री, भाई रोहित को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं। इधर, गांव के टिंकू ने बताया कि अचानक बिजली काफी तेज हो गई थी। उसके घर के बाहर लगा मीटर और स्ट्रीट लाइट भी फुंक गई थी।
एक्सईएन ग्रामीण केएल पांडेय ने बताया कि मामला जानकारी में आने के बाद अवर अभियंता को मौके पर भेजा था। युवक को घर के अंदर करंट लगा है। फिर भी मामले की जांच कराई जाएगी।