शाहजहांपुर। प्रदेश सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ राज्यमंत्री दानिश आजाद ने कहा कि सरकार मदरसों की शिक्षा को बेहद गंभीर है। मदरसों में दीनी शिक्षा के साथ आधुनिक शिक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा। सरकार अल्पसंख्यकों के हितों के लिए काम करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही।
शुक्रवार को मुरादाबाद से लखनऊ जाते समय सेहरामऊ दक्षिणी में मदरसा संचालकों ने उनका स्वागत किया। दानिश आजाद ने कहा कि वक्फ संपत्तियों पर अवैध कब्जे करने वालों को चिह्नित कराया जा रहा है। संपत्तियों को खाली कराकर उपयोग में लाया जाएगा। कहा कि सरकार का प्रयास है कि मदरसे का बच्चा जहां एक हाथ में कुरआन की शिक्षा लेकर निकले, वहीं उसे आधुनिक विषयों की भी जानकारी होना जरूरी है।
मदरसों में स्काउट-गाइड, एनसीसी एवं एनएसएस को लागू की जाने की प्रक्रिया चल रही है। सरकार अल्पसंख्यक समाज के लोगों को रोजगार से जोड़ने के लिए कटिबद्ध है। मंत्री ने विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए कहा कि अब तक जो सरकारें आईं, उन्होंने अल्पसंख्यक समाज के साथ छलावा किया है। इस मौके पर टीचर्स एसोसिएशन मदारिस से अरबिया के अध्यक्ष मिर्जा अजीम बेग ने अपने साथियों के साथ फूलमालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर हाफिज इमरान रजा नूरी, हाफिज अतीक अहमद, कारी निजामुद्दीन, मोहम्मद नजीफ, मोहम्मद साजिद, इलियास खान आदि मौजूद रहे।