शाहजहांपुर: व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य, खन्नौत घाट पर छठी मइया के गीत
शाहजहांपुर में रविवार को महापर्व छठ के तीसरे दिन व्रती महिलाओं ने घाटों पर घुटने तक पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली व पति की लंबी उम्र की कामना की।
विस्तार
शाहजहांपुर में सूर्य उपासना का महापर्व छठ रविवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। व्रती महिलाओं ने घुटने तक पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान छठी मइया के पारंपरिक गीतों से खन्नौत घाट गूंज उठा। महिलाओं ने 'हे छठी मइया, सुन लीं अरजिया हमार, सुख-समृद्धि से भर दीं संसार...' गीत गाकर अपनी मनोकामनाएं व्यक्त कीं।
शनिवार शाम खरना के बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत रखने वाली महिलाएं रविवार दोपहर बाद चार बजे से ही खन्नौत घाट पहुंचने लगी थीं। व्रती महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ नंगे पैर छठी मइया के गीत गाते हुए घाट पर पहुंचीं। सोलह शृंगार कर महिलाओं ने सिर पर गन्ना, केला, अनानास और पूजा सामग्री से भरे दउरे लेकर घाट तक पहुंचीं। इससे नदी तट पर मेले जैसा माहौल बन गया। शाम को धुंध के चलते सूर्य के दर्शन नहीं हो सके।
सोमवार को उगते सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य
इसके बावजूद महिलाओं ने नदी तट पर तैयार की गई वेदियों पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और छठी मइया को नमन किया। इसके बाद घुटने तक पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। महिलाओं ने परिवार की खुशहाली, संतान की सुख-समृद्धि और पति की लंबी उम्र की कामना की। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया जाएगा।
पूर्वांचल महासभा सेवा समिति के अध्यक्ष सतीश चंद्र मिश्र ने बताया कि छठ महापर्व के अवसर पर लोधीपुर छठ घाट, हनुमत धाम छठ घाट एवं गर्रा घाट को आकर्षक विद्युत सज्जा एवं भव्य साज-सज्जा के साथ व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए तैयार कर लिया गया है।
