यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियों में जुटा विभाग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की 18 फरवरी से होने वाली परीक्षा को कुशलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए विभाग ने कमर कस ली है। डीआईओएस ने अपने कार्यालय में कंट्रोल रूम की स्थापना कर दी है। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी करने वाले शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के परिचय पत्र बनाने का काम जारी है। राजकीय इंटर कॉलेज से प्रश्नपत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण भी किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को तहसील सदर के केंद्रों के लिए उत्तर पुस्तिकाएं वितरित की गईं। साथ ही उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने के लिए उप संकलन केंद्रों की स्थापना तहसीलवार कर दी गई है।
डीआईओएस कमलाकर पांडेय ने अपने कार्यालय में कंट्रोल रूम की स्थापना करके प्रतिदिन दो पालियों में शिक्षकों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी है, ताकि केंद्र व्यवस्थापकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। परीक्षा के दिनों में सुबह छह से अपरान्ह दो बजे तक प्रथम पाली में जीआईसी के शिक्षक अजय कुमार को कंट्रोल रूम का प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ अभिषेक कनौजिया, संजीव उपाध्याय और प्रमोद कुमार सिंह सहयोगी बनेंगे। दूसरी पाली में अपरान्ह दो बजे से रात्रि दस बजे तक राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य राजवीर सिंह प्रभारी रहेंगे, जबकि उनके साथ विकास कुशवाहा, सुमित निषाद और मौसम प्रधान सहयोगी की भूमिका में रहेेंगे। कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 05842-200898 तथा डीआईओएस का मोबाइल नंबर 9454457303 पर किसी भी समस्या के लिए संपर्क किया जा सकता है।
डीआईओएस कमलाकर पांडेय ने बताया कि परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के लिए तहसीलवार उप संकलन केंद्र बनाए गए हैं। तहसील जलालाबाद में सेठ सियाराम इंटर कॉलेज, तिलहर और पुवायां में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज तथा तहसील सदर में राजकीय इंटर कॉलेज को संकलन केंद्र बनाया गया है। जलालाबाद, तिलहर और पुवायां उप संकलन केंद्र से सभी उत्तर पुस्तिकाएं परीक्षा संपन्न होने के अंतिम दिन शहर के मुख्य संकलन केंद्र पर पहुंचाई जाएंगी।