शाहजहांपुर में तीन युवकों की मौत: हादसे में मां-बेटी समेत तीन घायल, होली पर परिवारों में मचा कोहराम
Shahjahanpur Road Accident: शाहजहांपुर के पुवायां-सिंधौली मार्ग पर बुधवार रात दर्दनाक हादसा हुआ। सिंधौली में टोल प्लाजा के पास दो बाइक आमने-सामने से भिड़ गईं। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। मां-बेटी समेत तीन घायल हो गए।
विस्तार
शाहजहांपुर के पुवायां-सिंधौली मार्ग पर बुधवार रात महानंदपुर गांव के सामने टोल प्लाजा के पास दो बाइकें आमने-सामने से टकरा गईं। हादसे में डी-फार्मा के छात्र समेत तीन युवकों की मौत हो गई। महिला और उसकी चार साल की बेटी समेत तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुवायां के बेला छेदा गांव निवासी अनुज मिश्रा (25 वर्ष) पत्नी खुशबू व चार साल की बेटी भूमि के साथ रोजा की आईटीआई कॉलोनी में रहते थे। वह बाइक से पत्नी और बेटी के साथ लखीमपुर खीरी के थाना पसगवां के गांव बरवर से रिश्तेदारी से लौट रहे थे। दूसरी ओर सिंधौली के महुआ पाठक गांव निवासी सौरभ तिवारी (22 वर्ष), उनके साथी विपिन और राजू बाइक से पुवायां की तरफ जा रहे थे। ये तीनों होली की खरीदारी के लिए शाहजहांपुर आए थे। सौरभ डी-फार्मा का छात्र था।
ये भी पढ़ें- Bareilly News: फोन पर प्रेमी से बात कर रही थी हाईस्कूल की छात्रा, तभी हुआ कुछ ऐसा कि दे दी जान
रात करीब साढ़े आठ बजे टोल प्लाजा के सामने दोनों बाइकें आमने-सामने से टकरा गईं। हादसे में तीनों मरणासन्न हो गए। सूचना पर सिंधौली थाना प्रभारी महेंद्र सिंह यादव ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। वहां से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। डॉक्टर ने सौरभ, विपिन और अनुज को मृत घोषित कर दिया।
तीन-तीन सवार, वह भी बिना हेलमेट
दोनों बाइकों पर तीन-तीन सवारियां थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किसी भी बाइक के सवार के सिर पर हेलमेट नहीं था। रफ्तार भी काफी तेज थी। पुलिस ने आशंका जताई है कि किसी वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में दोनों बाइकें आमने-सामने आ गईं। रफ्तार तेज होने से चालक नियंत्रण खो बैठे और हादसा हो गया।
खुशबू को पता ही नहीं...सुहाग उजड़ गया
सिंधौली में टोल प्लाजा के पास हुए हादसे में अनुज मिश्रा की जान चली गई। उनकी पत्नी खुशबू मिश्रा और बेटी भूमि गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। अनुज की मौत की सूचना खुशबू को नहीं दी गई।
सौरभ की मौत पर यकीन नहीं, परिजन दूसरे अस्पताल ले गए
सिंधौली में बाइकों की टक्कर से सौरभ की मौत हो गई। सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। उन्हें डॉक्टर की बात पर यकीन नहीं हुआ। तुरंत ही निजी एंबुलेंस लेकर आए और निजी अस्पताल लेकर चले गए।
पुवायां के बड़ा गांव स्थित कॉलेज से डी-फार्मा करने वाला सौरभ तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके पिता खेतीबाड़ी करते हैं। हादसे की सूचना पर परिवार वाले पहुंच गए। बेटे की मौत से परिवार वाले बिलख पड़े।