शाहजहांपुर। विश्व हिंदू परिषद के महानगर अध्यक्ष अभिनव ओमर के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने शुक्रवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर एसपी राजेश द्विवेदी को ज्ञापन दिया। इसमें गैर समुदाय के धार्मिक स्थलों पर बाहर से आकर रुकने वालों की जांच कराने की मांग की गई। साथ ही ऐसे स्थानों का रजिस्ट्रेशन कराए जाने की मांग भी की गई।
महानगर अध्यक्ष अभिनव ओमर ने बताया कि ऐसी जानकारी मिली है कि मोहल्ला तारीन टिकली, मोहल्ला चारखंभा व रेलवे स्टेशन स्थित धार्मिकस्थलों पर देश व विदेश से आने वाले लोगों को रुकने का स्थान व सुविधाएं उपलब्ध कराईं जातीं हैं। रुकने के बदले में शुल्क भी वसूला जाता है।
इसके बाद भी प्रबंध कमेटी ने आज तक अपने धार्मिकस्थलों का सराय अधिनियम के अंतर्गत रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है। जरूरी है कि रुकने वालों की संख्या, उनके कार्य की जानकारी की जाए। ज्ञापन देने वालों में प्रांत सह संयोजक प्रियम चौहान, विभाग मंत्री अशनील सिंह, अनुभव, प्रीति शुक्ला आदि मौजूद रहे।