शाहजहांपुर। श्री गुरुनानक आश्रम गुरुद्वारा कुटिया साहिब में संत बाबा सुखदेव सिंह की 42वीं पुण्यतिथि पर महासमागम में दूसरे दिन रागी जत्थे ने शबद कीर्तन कर संगत को निहाल किया। इस दौरान बड़ी संख्या में संगत ने लंगर में प्रसाद ग्रहण किया।
संत बाबा सुखदेव सिंह की बरसी पर सुबह से संगत के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। इस बीच रागी जत्थेदार सर्वजीत सिंह पटना वाले, अमृतसर से आए रागी जत्थेदार हरविंदर सिंह ने शबद कीर्तन से संगत को निहाल कर दिया।
कथावाचक ज्ञानी रंजीत सिंह ने संत बाबा सुखदेव सिंह के जीवन से प्रेरणा लेकर सत्य के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। इस बीच संगत ने दरबार में कतारबद्ध तरीके से पहुंचकर आस्था के साथ फूलों से सजी गुरुग्रंथ साहिब की पालकी के सामने शीश झुकाया और आशीर्वाद लिया। समागम में राजेंद्र सिंह, नवनीत कौर, हरभजन सिंह पृथी, अरविंदर सिंह, जसवीर सिंह कोमल, आदि मौजूद रहे।