खुटार। गांव नवाजपुर में एक होमगार्ड मुन्नूलाल शुक्ला के घर चोरों ने सोमवार रात नकब लगाकर नकदी व जेवर चोरी कर लिया। सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया, लेकिन चोरी की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
मुन्नूलाल शुक्ला इस समय बरेली में ट्रेनिंग कर रहे हैं। घर में उनकी पत्नी शकुंतला देवी बच्चों के साथ थी। सोमवार रात परिवार के लोग खाना खाकर आंगन में सो गए। रात में किसी समय चोरों ने घर में नकब लगाया और अंदर घुस गए। चोरों ने कमरे में रखे बक्से से पांच हजार रुपये, दो जोड़ी पायल, सोने की एक अंगूठी आदि चोरी कर ले गए। चोरों ने दीवार में एक अन्य जगह पर भी नकब लगाने का प्रयास किया लेकिन अंदर अनाज भरा ड्रम रखा होने के कारण अंदर नहीं घुस सके।
मंगलवार सुबह शकुंतला देवी सोकर उठीं तो चोरी का पता चल सका। उनके पुत्र मोहित की सूचना पर यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। बाद में मोहित ने थाने जाकर तहरीर भी दी लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।