Shahjahanpur: बवाल के आरोप में 200 अज्ञात लोगों पर दर्ज मुकदमे का विरोध, सपा पदाधिकारियों ने किया प्रदर्शन
शाहजहांपुर में बवाल के आरोप में दो सौ अज्ञात लोगों पर दर्ज मुकदमे का सपा ने विरोध किया है। बुधवार को सपा नेताओं ने प्रदर्शन किया। इसके बाद एसपी को ज्ञापन भी दिया।
विस्तार
शाहजहांपुर के थाना सदर बाजार के बाहर हुए बवाल मामले में 200 अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज किए जाने के विरोध में सपा ने बुधवार को जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इसके बाद एसपी को ज्ञापन देकर रिपोर्ट को स्पंज करने की मांग की।
सपा के जिलाध्यक्ष तनवीर खां के नेतृत्व में पदाधिकारी व कार्यकर्ता जीआईसी खेल मैदान में एकत्रित हुए। यहां से जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। यहां एसपी राजेश द्विवेदी को ज्ञापन देकर तनवीर खां ने बताया कि अमन चैन व माहौल बिगाड़ने वाले लोगों का अपना कोई ईमान धर्म नहीं होता।
उन्होंने कहा कि केके दीक्षित ने गंगा जमुनी तहजीब वाले शहर में अमन बिगाड़ने की पूरी कोशिश की थी, लेकिन शहर की अमन परस्त जनता और पुलिस-प्रशासन ने तत्परता दिखाई। जिससे शहर का माहौल बिगड़ने से बच गया।
'पत्थरबाजी न आगजनी, धरना प्रदर्शन किया'
सपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि जिन अज्ञात 200 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उनमें से किसी ने भी सरकारी काम में बाधा नहीं डाली। पत्थरबाजी, आगजनी और धक्का-मुक्की भी नहीं की। केवल शांतिपूर्वक ढंग से धरना प्रदर्शन और नारेबाजी की थी।
उन्होंने एसपी से फर्जी मुकदमे निरस्त करने की मांग की। पूर्व मंत्री अवधेश वर्मा, रामसूरत यादव, विजय सिंह, सैयद रिजवान अहमद, संजीव वर्मा, चौधरी रामकुमार भोजवाल, अतिउल्लाह सिद्दीकी, अवधेश कुमार पाल, मिश्रीलाल पटेल, विकास चंद्र एडवोकेट आदि मौजूद रहे।