{"_id":"57264e3b4f1c1b7f2b5cd450","slug":"shahjahanpur-station-soon-become-automatic-staircases","type":"story","status":"publish","title_hn":"शाहजहांपुर स्टेशन पर जल्द बनेंगी स्वचालित सीढ़ियां","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
शाहजहांपुर स्टेशन पर जल्द बनेंगी स्वचालित सीढ़ियां
ब्यूरो /शाहजहांपुर
Updated Mon, 02 May 2016 12:25 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ट्रेन से सफर करने वाले विकलांगों और वरिष्ठ नागरिकों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए सीढ़ियां चढ़ने की जहमत नहीं उठानी पड़ेगी। उन्हें इस कवायद से बचाने के लिए बहुत जल्द स्टेशन के पांचों प्लेटफॉर्मों पर स्वचालित सीढ़ियां बनाई जाएंगी। इस संबंध में सांसद कृष्णा राज के प्रस्ताव को रेल मंत्रालय ने स्वीकार कर लिया है। यह जानकारी उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक के निर्देश पर सांसद को उनके आवास पर मिलने पहुंचे मंडल अभियंता अनुराग कुमार ने दी। इस मौके पर सहायक मंडल अभियंता रामेश्वर भी मौजूद रहे। रेल अधिकारियों ने सांसद कृष्णा राज को बताया कि स्थानीय स्टेशन पर स्वचालित सीढ़ियां बनाने संबंधी उनका प्रस्ताव मंत्रालय ने स्वीकार कर लिया है और उस पर बहुत जल्द काम शुरू कराया जाएगा। सांसद को डीईएन कुमार ने बताया कि सभी प्लेटफॉर्मों को एलीवेटर सुविधा से लैस करने पर 8.5 करोड़ रुपये की लागत आएगी। एक नंबर प्लेटफॉर्म की ट्रेनों को दूसरे प्लेटफॉर्मों पर रोके जाने पर सांसद की कड़ी आपत्ति पर डीईएन ने उन्हें याद दिलाया कि इस संबंध में उनके स्तर से डीआरएम को भेजे गए पत्र पर कार्यवाही करते हुए करीब एक करोड़ रुपये की लागत से प्लेटफॉर्म नंबर एक के ट्रैक को बदलकर उसे सीधा किया जा रहा है। रेल अभियंताओं से सांसद ने ट्रेन आने के समय स्टेशन पर पानी की सप्लाई बंद कर दिए जाने पर कड़ी आपत्ति करते हुए इस समस्या का तत्काल समाधान करने और यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर वाटर एटीएम लगाने के निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि स्टेशन पर होने वाली उद्घोषणा के माध्यम यात्रियों को शहीदों का स्मरण कराया जाए। रेलवे की खाली जमीनों के बारे में सांसद द्वारा जानकारी मांगे जाने पर डीईएन ने बताया कि रेलवे द्वारा मंडल में डीजल और मेमू शेड बनाने की योजना है, जिसमें रोजा जंक्शन स्थित रेलवे की खाली जमीन को वरीयता दी जा रही है। इस मौके पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यभान सिंह भदौरिया, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बाबूराम गुप्ता, रामबरन सिंह, पंकेश मिश्र आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन