Shahjahanpur: दबंगों ने बुलडोजर से 350 मीटर सड़क उखाड़ी, कर्मियों को पीटा; विधायक प्रतिनिधि समेत 14 पर रिपोर्ट
मामला संज्ञान में आने पर डीएम ने जांच टीम गठित कर दी। तिलहर तहसीलदार और नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
विस्तार
शाहजहांपुर के जैतीपुर में फतेहगंज पूर्वी से दातागंज जाने वाले स्टेट हाईवे की निर्माणाधीन सड़क का लगभग साढ़े तीन सौ मीटर हिस्सा दबंगों ने जेसीबी से उखाड़ दिया। काम में लगे मजदूरों से मारपीट भी की गई। मामला संज्ञान में आने पर डीएम ने जांच के लिए टीम का गठन करते हुए एफआईआर कराने के निर्देश दिए। थाना जैतीपुर पुलिस ने एक नामजद और 14 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
फतेहगंज पूर्वी से दातागंज की ओर करीब नौ किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इस पर प्रथम लेयर गिट्टी-कोलतार बिछाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे सात-आठ लोग निर्माणाधीन सड़क पर पहुंच गए। दबंगों ने निर्माण कर रहे कर्मचारियों और मजूदरों के साथ मारपीट की। ताहरपुर गांव के पास बनी बनखंडी पुलिया से नवादा मोड़ के बीच की सड़क को जेसीबी से उखाड़ना शुरू कर दिया।
विरोध करने पर दबंगों ने निर्माण कर रहे कर्मचारियों को धमकाया। दबंगों ने करीब साढ़े तीन सौ मीटर उखाड़ दी। इसके बाद दबंग मौके से चले गए। सूचना मिलने पर थाना जैतीपुर प्रभारी विकास कुमार मौके पर पहुंचे। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन रथिन सिन्हा ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने कर्मचारियों से बातचीत की। वहीं मामला संज्ञान में आने पर डीएम ने जांच टीम गठित कर दी। तिलहर तहसीलदार और नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
एक्सईएन पीडब्ल्यूडी रथिन सिन्हा ने कहा कि फतेहगंज पूर्वी से दातागंज हाईवे का निर्माण चल रहा है। सोमवार रात कुछ लोगों ने सड़क को जेसीबी से उखाड़ दिया है। कर्मचारियों के साथ मारपीट भी हुई है। डीएम ने मामले में जांच टीम गठित कर दी है। मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसमें एक नामजद और 14 अज्ञात आरोपी हैं। नामजद आरोपी जगबीर को विधायक का प्रतिनिधि लिखा गया है, लेकिन विधायक कौन हैं। इसका स्पष्ट जिक्र नहीं है।