Shahjahanpur News: गुरुद्वारे के कमरे में पंखे से लटका मिला सेवादार का शव, पुलिस जांच में जुटी
लखीमपुर खीरी के गांव ईंटपुर का निवासी गुरुदत्त सिंह खुटार के गुरुद्वारा साहिब में रहकर सेवा करता था। बृहस्पतिवार सुबह उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शाहजहांपुर के खुटार में तिकुनियां चौराहा स्थित गुरुद्वारा साहिब के एक कमरे में बृहस्पतिवार को सेवादार का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। युवक एक वर्ष से गुरुद्वारे में रहकर सेवा कार्य करता था।
लखीमपुर के थाना पलिया के गांव ऐथपुर निवासी बलवीर सिंह बिल्लू का 25 वर्षीय पुत्र गुरुदत्त सिंह खुटार के गुरुद्वारा साहिब में रहकर सेवा करता था। बुधवार रात वह खाना खाकर गुरुद्वारे में ही अपने कमरे में सोने चला गया। बृहस्पतिवार सुबह देर तक नहीं उठने पर अन्य सेवादारों ने दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे के लोहे के दरवाजे को कटर से कटवाया।
ये भी पढ़ें- UP: सपा प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार, बरेली से नौ सदस्य शामिल; मुस्लिम और पिछड़ों को दी गई तवज्जो
कमरे में गुरुदत्त सिंह का शव बेड की चादर के सहारे पंखे से लटका हुआ था। गुरुदत्त के परिजनों को घटना की सूचना दी गई है। अन्य सेवादार इस मामले में कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि परिजन किसी पर कोई आरोप नहीं लगा रहे हैं। सूचना के आधार पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पलिया में हो चुकी थी ठगी
गुरुदत्त सिंह के साथ पलिया में ठगी हो गई थी। उसके पिता बलवीर सिंह ने बताया कि डेढ़ वर्ष पूर्व गैंग की लड़की ने गुरुदत्त को फंसा दिया था। पलिया थाने के एक दरोगा की भूमिका भी इस मामले में संदिग्ध थी। दस लाख रुपये की भारी रकम देने के बाद गुरुदत्त को बचाया था। इसके बाद से बलवीर सिंह पुत्र से नाराज रहते थे।
फिर ठगी की आशंका
गुरुदत्त से एक बार फिर विदेश भेजने के नाम पर ठगी की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि गुरुदत्त ने विदेश जाने की बात कहते हुए दिल्ली एयरपोर्ट तक के लिए टैक्सी बुक की थी। बृहस्पतिवार सुबह दिल्ली जाने की बात हुई थी।
टैक्सी चालक ने बुधवार रात आठ बजे गुरुदत्त को फोन किया और दिल्ली के प्रोग्राम के बारे में पूछा तो गुरुदत्त ने बिना कोई बात किए फोन काट दिया था। परिजनों को गुरुदत्त के विदेश जाने की तैयारी के बारे में कोई जानकारी नहीं है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि ठगी के कारण की गुरुदत्त ने आत्महत्या की है।
बलवीर का इकलौता पुत्र था गुरुदत्त
गुरुदत्त सिंह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। गुरुदत्त की मौत से मां, पिता बलवीर सिंह, पत्नी अमनदीप कौर का रो-रोकर बुरा हाल है। गुरुदत्त की एक 11 माह की पुत्री किस्मत है।