{"_id":"6a981b5142bacde8ef065c37","slug":"ruckus-at-the-railway-station-over-boarding-the-ayodhya-express-in-shahjahanpur-2026-09-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"शाहजहांपुर: रेलवे स्टेशन पर अयोध्या एक्सप्रेस में चढ़ने को लेकर हंगामा, यात्रियों से गाली-गलौज और मारपीट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
शाहजहांपुर: रेलवे स्टेशन पर अयोध्या एक्सप्रेस में चढ़ने को लेकर हंगामा, यात्रियों से गाली-गलौज और मारपीट
Wed, 02 Sep 2026 06:20 PM IST
Mukesh Kumar
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहांपुर
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहांपुर
Published by: Mukesh Kumar
Updated Wed, 02 Sep 2026 06:20 PM IST
सार
शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार रात दिल्ली जाने वाली ट्रेन के जनरल कोच में चढ़ने को लेकर हंगामा हुआ। खचाखच भरे कोच में जगह न मिलने पर युवाओं के एक गुट ने यात्रियों से मारपीट और गाली-गलौज की कोशिश की।
विज्ञापन
ट्रेन में चढ़ने के लिए मची मारामारी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
अयोध्या से दिल्ली जाने वाली 14205 दिल्ली एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार होने को लेकर मंगलवार रात शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर जमकर हंगामा हुआ। पहले से खचाखच भरे कोच में प्रवेश न कर पाने पर युवाओं का एक गुट अंदर बैठे यात्रियों से भिड़ गया। युवाओं ने खिड़की के शीशे पर हाथ मारकर उसे तोड़ने का प्रयास किया और यात्रियों से गाली-गलौज व मारपीट की कोशिश की। ट्रेन चलने के बाद भी कुछ दूर तक उसका पीछा किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में यात्री प्लेटफॉर्म पर ही रह गए।
विज्ञापन
रक्षाबंधन के बाद लोगों की वापसी के चलते मंगलवार रात रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ उमड़ी। दिल्ली जाने वाले यात्रियों से प्लेटफॉर्म नंबर तीन खचाखच भरा था। रात करीब 10:40 बजे ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंची तो जनरल कोच में चढ़ने के लिए यात्रियों में धक्कामुक्की शुरू हो गई। कोच पहले से ही पूरी तरह भरा था और पैर रखने तक की जगह नहीं थी। इसके बावजूद कुछ यात्री अंदर घुसने का प्रयास करने लगे। इसी को लेकर कोच में बैठे यात्रियों से उनकी नोकझोंक हो गई।
विज्ञापन
काफी देर तक बहस के बाद भी अंदर प्रवेश नहीं कर पाने पर युवाओं का गुट आक्रोशित हो गया। उन्होंने कोच की खिड़की के शीशे पर हाथ मारकर उसे तोड़ने का प्रयास किया। अंदर बैठे यात्रियों से गाली-गलौज की और मारपीट की कोशिश की। ट्रेन चलने के बाद युवक कुछ दूर तक उसके पीछे दौड़ते रहे। आरपीएफ पोस्ट कमांडेंट जितेंद्र यादव ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। प्लेटफॉर्म पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
विज्ञापन