भाजपा विधायक से विवाद: शाहजहांपुर में पूर्व विधायक रोशनलाल और उनके चेयरमैन पुत्र मनोज के खिलाफ रिपोर्ट
सोमवार को नगर पंचायत कार्यालय में विधायक सलोना कुशवाहा और चेयरमैन मनोज वर्मा के बीच कुर्सी को लेकर तीखी नोकझोंक हुई थी। पूरे मामले का वीडियो सोशल साइट पर वायरल हुआ था। यह विवाद अब एफआईआर तक पहुंच गया है।
विस्तार
सोमवार को नगर पंचायत कार्यालय में विधायक सलोना कुशवाहा और चेयरमैन मनोज वर्मा के बीच कुर्सी को लेकर तीखी नोकझोंक हुई थी। पूरे मामले का वीडियो सोशल साइट पर वायरल हुआ था। मंगलवार को विधायक के मिश्रीपुर स्थित कार्यालय पर नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों के काम करने का आरोप लगाते हुए मनोज वर्मा ने एक और वीडियो वायरल किया था। इस वीडियो को पूर्व विधायक रोशनलाल वर्मा की आईडी से भी शेयर किया गया।
विधायक से अभद्रता का आरोप
मंगलवार शाम विधायक के प्रतिनिधि आशुतोष कुमार सिंह ने निगोही थाने पर तहरीर देकर चेयरमैन मनोज वर्मा और उनके पिता पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बताया गया है कि 12 जून की दोपहर जनसमस्याएं सुनने के दौरान विधायक सलोना कुशवाहा के पास निगोही नगर पंचायत में कार्यों को लेकर शिकायत आई थी। इस पर विधायक नगर पंचायत कार्यालय पहुंचीं तो चेयरमैन उन्हें अपने कार्यालय में देखकर भड़क गए। चेयरमैन ने अपने पिता पूर्व विधायक रोशनलाल वर्मा का रौब दिखाया और अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए विधायक से अभद्रता की।चेयरमैन ने गोपनीय रूप से वीडियो बनाकर एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इससे विधायक सलोना कुशवाहा की छवि धूमिल हुई है। पुलिस ने नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज वर्मा और उनके पिता पूर्व विधायक रोशनलाल वर्मा के खिलाफ आईपीसी की धारा 500 व सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम 2008 की धारा 72 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
चेयरमैन बोले- खुन्नस में दर्ज कराया मुकदमा
चेयरमैन मनोज वर्मा ने कहा कि विधायक के कार्यालय में कार्यरत पांच कर्मचारियों को हटाने और रिकवरी के लिए पत्राचार करने पर विधायक ने नगर पंचायत कार्यालय में आकर हमारी कुर्सी पर बैठने का दबाव बनाया। वह कर्मचारियों की हाजिरी लगाने का भी दबाव बना रहीं थीं। इसी खुन्नस में मेरे और मेरे पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
एसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने कहा कि विधायक प्रतिनिधि की ओर से वीडियो एडिट कर वायरल करने की तहरीर दी गई थी। इसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। विवेचना में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
तिलहर विधायक सलोना कुशवाहा ने कहा कि चेयरमैन से उनकी कुर्सी मांगने की बात निराधार है। हमें देखकर मनोज वर्मा भड़क गए और कार्यालय में नहीं बैठने दिया। ईओ से कहा कि अपने चैंबर में बैठाओ। चुपके से वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। जो कर्मचारी हमारे दफ्तर में पार्ट टाइम काम करते हैं, उन्हें हम भुगतान करते हैं।