Shahjahanpur News: अवनीश हत्याकांड में आरोपी गुरुसेवक की तलाश, एसओजी समेत पुलिस की कई टीमें लगी
पुवायां में कार लूटने के बाद चालक की हत्या के मामले में एक आरोपी को लखनऊ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी गुरसेवक का अब तक पता नहीं चला है। शाहजहांपुर के पुवायां थाना की पुलिस और एसओजी की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।
विस्तार
कार लूटकर चालक अवनीश की हत्या कर शव झाड़ियों में फेंके जाने के बाद लखनऊ पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुवायां थाना पुलिस अब तक मुख्य अभियुक्त गुरुसेवक की तलाश नहीं कर पाई है। पुलिस का मानना है कि अवनीश से लूटी गई कार से ही अब गुरुसेवक यहां से वहां जा रहा है।
शाहजहांपुर के पुवायां से छह अक्तूबर को कार बुकिंग पर ले जाने के बाद चालक मोहल्ला कसभरा तकिया निवासी अवनीश दीक्षित की हत्या कर शव को रोजा के रेलवे मैदान की झाड़ियों में फेंक दिया गया था। बदमाश कार को लूटकर भाग गए थे। पुवायां से कार को गांव पटई निवासी गुरुसेवक सिंह बुकिंग करके ले गया था।
आठ अक्तूबर को तहरीर मिलने के बाद से ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी। इसी क्रम में लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में भी इसी तरीके से घटना होने के बाद वहां की पुलिस गहनता से काम कर रही थी। इसी के चलते दस अक्तूबर की रात को लखनऊ पुलिस ने एक बदमाश हरदोई के पिहानी थाना क्षेत्र निवासी अजय के पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
संबंधित खबर- Shahjahanpur News: अवनीश हत्याकांड का आरोपी लखनऊ में गिरफ्तार...साथी गुरुसेवक मौके से भाग निकला
पुलिस का दावा था कि इस दौरान गुरुसेवक अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकला। पुवायां पुलिस की कार्रवाई पर गौर करें तो अब तक कोई ऐसा सुराग हासिल नहीं कर सकी है जिससे वह गुरुसेवक के करीब पहुंच सके। पुवायां के थाना प्रभारी रवि करन सिंह का कहना है कि गुरुसेवक सहित अन्य आरोपियों की तलाश चल रही है, जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
मोबाइल का प्रयोग नहीं कर रहा गुरुसेवक
लखनऊ और पुवायां में एक जैसी दो घटनाएं हुईं। लखनऊ में पारा पुलिस ने अज्ञात में रिपोर्ट लिखी। कुछ ही दिनों में लूटी गई कार को बरामद करते हुए एक अभियुक्त को भी गिरफ्तार कर लिया। पुवायां में कार बुकिंग करने के कारण गुरुसेवक का मोबाइल नंबर पुलिस को मिल गया था। पुलिस को उम्मीद थी कि मोबाइल नंबर से लोकेशन के सहारे वह गुरुसेवक को आसानी से पकड़ लेगी लेकिन वह शातिर निकला और पुवायां से जाने के बाद उसने अपना मोबाइल नंबर बंद कर दिया।
सात से लेकर नौ अक्तूबर तक वह कार चालक अवनीश के बेटे सूरज से व्हाट्सएप पर चैटिंग और कॉल करके बात करता रहा। इससे पुलिस की मंशा धरी रह गई। नौ अक्तूबर की शाम को अवनीश का शव मिलने से कुछ घंटे पहले तक पुलिस के सामने व्हाटसएप पर गुरुसेवक बात करता रहा। इसके बाद से अब बात नहीं हो पा रही है।
तीन बदमाश रहे थे अवनीश की हत्या में शामिल
लखनऊ में एक बदमाश अजय के पकड़े जाने के बाद से पुवायां के अवनीश हत्याकांड का खुलासा हो गया है। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि लखनऊ पुलिस ने अजय से हुई पूछताछ के बाद बताया कि पुवायां से गाड़ी ले जाने के बाद गुरुसेवक, अजय और शाहजहांपुर के कांट थाना क्षेत्र के एक बदमाश ने उनकी हत्या कर कार को लूटा था। कुल तीन बदमाश घटना में शामिल थे। पुलिस उनकी भी तलाश कर रही है लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका है।
सीओ पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि पुलिस की टीमें काम रहीं हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे और पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।