Shahjahanpur News: IPL मैच पर लगा रहे थे सट्टा, पुलिस ने छापा मार गैंग के तीन सटोरिये पकड़े
सटोरिये खिलाड़ी को एक आईडी देते थे। रुपये लेकर क्वाइन भी उपलब्ध कराते थे, जिससे वह स्वयं खेल सकता है। सटोरिये फोन के जरिए सट्टा लगवा रहे थे।
विस्तार
आईपीएल में ऑनलाइन सट्टा कराने वाले गैंग के तीन सट्टेबाजों को शाहजहांपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 18,540 रुपये भी बरामद हुए हैं। आईपीएल के नाम पर सट्टा कराने वाला मुख्य आरोपी सोनू गुप्ता अभी फरार है। सोनू ही गुर्गे से कमीशन पर सट्टा लगवाता था।
एसओजी और चौक कोतवाली पुलिस ने आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाने की सूचना के बाद रविवार रात रोशनगंज मोहल्ले में विपिन राजपूत के मकान पर छापा मारा। पुलिस ने राजस्थान रॉयल व गुजरात टाइटन के मैच के बीच हर गेंद पर सट्टा लगवाते हुए तीन आरोपी गिरफ्तार किए। मैच पर फोन के जरिये दांव लगाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से 18540 रुपये की नकदी, एलईडी व सेट टॉप बॉक्स, सट्टा हिसाब व मोबाइल फोन को सील कर दिया।
एसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने बताया कि पुलिस ने चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रोशनगंज निवासी विपिन राजपूत, अमन राजपूत व चंदन को गिरफ्तार किया है। तीनों सट्टा कराते हुए पकड़े गए हैं।
बिजलीपुरा का सोनू है मास्टरमाइंड
31 मार्च से शुरू हुए आईपीएल के बाद से बिजलीपुरा और रोशनगंज में सट्टा होने की चर्चा चल रही थी। पुलिस ने अब आरोपियों पर कार्रवाई करना शुरू किया है। मुख्य आरोपी सोनू पुलिस की पकड़ से दूर है। पुलिस के अनुसार, आईपीएल का सट्टा बिजलीपुरा निवासी सोनू गुप्ता कराता है। ये पकड़े गए तीनों गुर्गों को पांच प्रतिशत कमीशन देता था। शेष रुपये सोनू के पास पहुंचाने होते थे। एसपी सिटी ने बताया कि सोनू की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रुपये लेकर क्वाइन देते थे
एसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने बताया कि सटोरिये खिलाड़ी को एक आईडी देते थे। रुपये लेकर क्वाइन भी उपलब्ध कराते थे, जिससे वह स्वयं खेल सकता है। फोन पर इनके पास अपनी बेट लगा सकते हैं। सारा हिसाब रजिस्टर पर नोट करने के बाद ऑनलाइन ही जीत और हार का लेन-देन होता था। दिन में होने वाले प्रत्येक मैच पर आरोपी अपने घर में बैठकर ही सट्टा खिलाते थे।