Shahjahanpur News: छात्र को गोली मारने का नाबालिग आरोपी बोला- मैं नहीं मारता तो वो मेरी जान ले लेता
शाहजहांपुर के जलालाबाद क्षेत्र में सहपाठी को तमंचे से गोली मारने के नाबालिग आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया। उससे पूछताछ की गई। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया गया।
विस्तार
शाहजहांपुर के जलालाबाद क्षेत्र के नबीगंज गांव में बृहस्पतिवार की रात 11वीं के छात्र रजत को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर देने के मामले में पुलिस ने उसके नाबालिग दोस्त को पकड़ा है। शनिवार को गेहूं के खेत से घटना में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर लिया गया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि रजत उसे धमकाता था। अगर वह उसे नहीं मारता तो किसी दिन रजत उसकी हत्या कर देता।
फर्रुखाबाद हाईवे पर बझेड़ा पुलिया के पास से दबोचे गए नबीगंज गांव के आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह कक्षा 11वीं का छात्र है। कुछ समय माह पहले किसी बात को लेकर हुई कहासुनी होने पर रजत ने उसे थप्पड़ मार दिया था। इसके बाद भी उसने उसके साथ कई बार गाली-गलौज की और वह उसे जान से मार डालने की धमकी भी देता रहता था। कुछ दिन पहले उसने रजत को मार डालने की ठान ली।
घर में रखा था तमंचा
बृहस्पतिवार को उसने रजत को कॉल कर गंगा एक्सप्रेसवे पर मिलने को कहा। कॉल करने के बाद वह खाना खाने लगा, तब तक रजत भी वहां पहुंच गया। खाना खाने के बाद वह घर में रखा तमंचा लेकर रजत के साथ एक्सप्रेसवे पर पहुंच गया। थोड़ी देर तक वे दोनों लोग एक्सप्रेसवे पर टहलते रहे।
बाद में रजत एक्सप्रेसवे के किनारे बैठकर मोबाइल देखने लगा। इसी दौरान मौका पाकर उसने रजत को पीछे से गोली मार दी और भागकर एक्सप्रेसवे के दूसरी तरफ पहुंचा। गेहूं के खेत में तमंचा दबा दिया। प्रभारी निरीक्षक राजीव तोमर ने बताया कि बरामद तमंचा 315 बोर का है। घायल रजत का बरेली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मकान में ताला डालकर भागे परिजन
नाबालिग छात्र के पास तमंचे कहां से आया, इसके बारे में अब तक पुलिस कुछ भी पुख्ता पता नहीं कर सकी है। पुलिस के मुताबिक, छात्र ने घर में तमंचा होने की बात बताई है। यह भी बताया था कि उसे मालूम हुआ था कि रजत के पास तमंचा है और वह उसे मार सकता है। इसी वजह से उसने अपने ऊपर से खतरा हटाने के लिए दोस्त की हत्या का इरादा कर लिया था।
आरोपी के घर के सभी सदस्य मकान में ताला डालकर कहीं चले गए हैं। पुलिस उनसे संपर्क करने का प्रयास कर रही है। पिता से पूछताछ में साफ होगा कि घर में पहले से ही तमंचा था या आरोपी कहीं और से लेकर आया था। हालांकि पुलिस जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रही है।
नाबालिग के हाथों में पहुंच रहे तमंचे
पुलिस तमंचा बनाने और बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान चलाने का दावा करती है, लेकिन हकीकत में तमंचे नाबालिग के हाथों में पहुंच रहे हैं। पहले भी कई मामले ऐसे सामने आए हैं। इनमें नाबालिग सोशल मीडिया पर तमंचे के साथ फोटो अपलोड करने में पकड़े गए। हालांकि तब भी पुलिस ने ये जानने की कोशिश नहीं की कि ये तमंचे लाए कहां से जा रहे हैं। इससे पहले भी कई आत्महत्या या हत्या के मामलों में पुलिस ने तमंचा बेचने वाले तक पहुंचने की कोशिश नहीं की।
एसपी राजेश द्विवेदी बताया कि तमंचा बरामद कर लिया गया है। पुलिस की विवेचना में स्पष्ट होगा कि किशोर के पास तमंचा कैसे पहुंचा। अवैध हथियार के निर्माण और खरीद-फरोख्त में लगे अपराधियों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई की जा रही है।