शाहजहांपुर में बुजुर्ग की हत्या: घसीट कर घर के अंदर ले गए हमलावर, लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला
शाहजहांपुर के तिलहर में पानी की टंकी लगाने को लेकर हुए विवाद में तहेरे भाई और भतीजों ने बुजुर्ग व्यक्ति की जान ले ली। आरोपियों ने लाठी-डंडों से उन्हें इस कदर पीटा, जिससे उनकी मौत हो गई।
विस्तार
शाहजहांपुर के तिलहर थाना क्षेत्र के गांव सुनौरा अजमतपुर में सोमवार को पानी की टंकी लगाने को लेकर हुए विवाद में तहेरे भाई और भतीजों ने मिलकर बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ये भी पढ़ें- सनसनीखेज: तीन दिन से लापता महिला की हत्या कर शव जलाने की कोशिश, अंगुलियां और दाहिना पैर काटा
सुनौरा अजमतपुर गांव के रहने वाले 55 साल के अशोक सिंह खेतीबाड़ी करते थे। उनका बेटा राजस्थान में नौकरी करता है। गांव में ओवरहेड टैंक लगने के बाद पानी सप्लाई के लिए टंकी लगाने का काम हो रहा है। सोमवार सुबह करीब आठ बजे घर के सामने पानी की टंकी लगाने को लेकर अशोक का थोड़ी दूरी पर रहने वाले ताऊ के बेटे राजेंद्र से विवाद हो गया।
लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा
राजेंद्र के बेटे अखिलेश, कमलेश, मिथलेश, नीलेश, पौत्र सौरभ आदि ने मिलकर अशोक पर हमला कर दिया। उन्हें घसीटकर अपने घर के अंदर ले गए और लाठी-डंडे से जमकर पीटा। राजेंद्र की लाइसेंसी बंदूक की बट से चेहरे पर कई वार किए। अशोक को बचाने पहुंचे बेटी वंदना के बेटे निखिल को भी पीट दिया और मोबाइल छीन लिया।
ये भी पढ़ें- हार्ट अटैक से बराती की मौत: डांस करते-करते जमीन पर गिरा 24 साल का संजीव, फिर न उठ सका; लोग समझते रहे मजाक
परिजनों ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और अशोक को घर से बाहर निकालकर सीएचसी ले गई। तिलहर सीएचसी में डॉक्टर ने अशोक को मृत घोषित कर दिया। एसपी एस. आनंद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपियों की तलाश की जा रही है।