शाहजहांपुर/पुवायां। बुधवार को महाराष्ट्र सरकार में शिक्षा मंत्री प्रोफेसर वर्षा गायकवाड़ बरेली एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से शाहजहांपुर पहुंचीं। उन्होंने शाहजहांपुर में पार्टी मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने पुवायां में कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में लोगों को संबोधित किया।
पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक में वर्षा गायकवाड़ ने चुनावी तैयारियों का जायजा लिया। कार्यकर्ताओं को प्रत्याशी के पक्ष में जुट जाने का आह्वान किया। इस मौके पर नगर विधानसभा से प्रत्याशी पूनम पांडेय, छत्तीसगढ़ के मेयर एजाज, पूर्व जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र दीक्षित, कार्यवाहक जिलाध्यक्ष पवन कुमार सिंह, शान मोहम्मद, फरमान खान, राकेश मिश्रा, अदीब अहमद सिद्दीकी आदि लोग मौजूद रहे।
पुवायां के एक मैरिज हॉल में कांग्रेस प्रत्याशी अनुज कुुमारी के पक्ष में लोगों को संबोधित करते हुए वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि उन्होंने पहली बार देखा है कि उत्तर प्रदेश में किसानों पर गाड़ी चढ़ा दी जाती है। हाथरस और उन्नाव कांड से साफ है कि यूपी में बहू-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। जाति, धर्म की राजनीति की जा रही है, जबकि महंगाई और रोजगार पर बात होनी चाहिए। कांग्रेस ही प्रदेश में विकास करा सकती है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को जिताने की अपील की।