{"_id":"6432f41a496428816b0994a8","slug":"most-claimants-in-bjp-least-in-bsp-shahjahanpur-news-c-4-1-121932-2023-04-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"Shahjahanpur News: भाजपा में सबसे ज्यादा दावेदार, बसपा में सबसे कम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Shahjahanpur News: भाजपा में सबसे ज्यादा दावेदार, बसपा में सबसे कम
विज्ञापन
विज्ञापन
- सपा में 11 महिलाएं, भाजपा में 13, बसपा में दो और कांग्रेस में तीन दावेदार
- मेयर का टिकट पाने को भाजपा और सपा में शुरू हुई जोर आजमाइश
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। नगर निगम में मेयर पद के लिए पहली बार होने वाले चुनाव में पिछड़ा वर्ग महिला सीट होने के बाद कई लोगों के समीकरण बिगड़ गए हैं। इसके बाद भी दोनों ही पार्टियों में दावेदारों की कमी नहीं है। नगर निगम पर केसरिया झंडा फहराने की जुगत में लगी भाजपा में सबसे ज्यादा महिला पदाधिकारियों ने आवेदन किया। वहीं सपा में आवेदन करने वालों की संख्या कम नहीं है। बसपा में सबसे कम आवेदन किए गए हैं। पार्टी के जिला नेतृत्व ने फाइनल मुहर के लिए राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के पाले में गेंद सरका दी है।
मेयर की सीट पर बैठने के लिए सपा से 11 महिलाओं ने आवेदन किया है। इसमें अधिकतर गृहणी हैं। पति के राजनीति में होने के चलते चुनाव में हाथ आजमा रही हैं। पूर्व विधायक राजेश यादव की पत्नी अंजना यादव आवेदन कर पहली बार सक्रिय राजनीति में आने की तैयारी में हैं। वहीं पूर्व मंत्री राममूर्ति सिंह वर्मा की पुत्रवधू अर्चना वर्मा राजनीति में पहले से रही हैं। वह जिला पंचायत अध्यक्ष रहने के साथ पति राजेश वर्मा को ददरौल विधानसभा से चुनाव लड़ाने में कंधे से कंधा मिलाकर जुटीं थीं। इसी तरह पूर्व चेयरमैन की पत्नी निकहत इकबाल, पूर्व जिला उपाध्यक्ष सर्वेश राठौर की बहू माला राठौर, युवा नेता सन्नी राठौर की मां रामगुनी राठौर, ईदगाह कमेटी के सचिव कासिम रजा की पत्नी निजहत आरा, रामसुमिरन पाल की पत्नी मेघा पाल, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के नेता रामकुमार भोजवाल की पत्नी ऊषा भोजवाल, हाजी इकरार की पत्नी गुलनार तबस्सुम ने मेयर पद के लिए आवेदन किया है। इसी तरह महिला सभा की पूर्व जिलाध्यक्ष गायत्री वर्मा व स्तुति गुप्ता पार्टी में सक्रिय राजनीति कर रही हैं। जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने बताया कि सभी के आवेदनों को राष्ट्रीय अध्यक्ष के पास पहुंचा दिया गया।
विज्ञापन
भाजपा में टिकट पाने के लिए भीड़, जुगाड़ भिड़ा रहे आवेदक
पिछले 15 वर्षों का सूखा खत्म करने के लिए भाजपा पूरा जोर लगा रही है। केंद्र व प्रदेश में सरकार होने के चलते नगर निगम पर भी भाजपा झंडा फहराना चाहती है। इसी के चलते यहां पर आवेदकों की संख्या काफी ज्यादा है। मेयर पद के लिए भाजपा के क्षेत्रीय सह संयोजक बृज क्षेत्र किशोर गुप्ता की पत्नी मनु गुप्ता, युवा नेता अनूप गुप्ता की पत्नी सीमा गुप्ता, महिला जिलाध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, चौक मंडल की अध्यक्ष ज्योति गुप्ता, वेदप्रकाश मौर्या की पत्नी सीमा मौर्या, संजीव राठौर की पत्नी शांति राठौर, मुकेश राठौर की पत्नी ममता राठौर, पूर्व मंत्री अवधेश वर्मा की पत्नी चंद्रा वर्मा, वंदना कश्यप, नेहा सक्सेना, मंजुला बाथम, ऊषा गुप्ता व एक अन्य ने आवेदन किया है। महानगर अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने बताया कि दो दिन अभी और आवेदन कर सकते हैं।
विज्ञापन
अब तक बसपा में आए सिर्फ दो ही आवेदन
बसपा में सबसे कम आवेदन आए हैं। जिलाध्यक्ष यदुवीर गौतम ने बताया कि पूर्व मंडल को-आर्डिनेटर हरीराम कश्यप की पत्नी रानी कश्यप और जिला उपाध्यक्ष वसीम इदरीस की मां आयशा बेगम का आवेदन आया है।
कांग्रेस में बाहरी के लिए भी खुला दरवाजा, तीन आवेदन आए
कांग्रेस में जिला उपाध्यक्ष फुरकान कुरैशी की भाभी शाजिया, सईद अंसारी की पत्नी शबाना अंसारी और सीमा वर्मा ने आवेदन किया है। फुरकान के अनुसार, बाहर से आने वालों के लिए भी दरवाजे खुले हैं।