Shahjahanpur: खन्नौत पुल और कैंट मार्ग चौड़ीकरण का मंत्रियों ने किया शिलान्यास, आवागमन होगा सुगम
लोक निर्माण विभाग मंत्री जितिन प्रसाद और वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सोमवार को डबल लेन पुल और सड़क चौड़ीकरण का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया।
विस्तार
लखनऊ-पलिया हाईवे पर लोधीपुर में खन्नौत नदी पर 12.14 करोड़ की लागत से बनने वाले डबल लेन पुल और 14.02 करोड़ रुपये के बजट से कैंट क्षेत्र को मोहम्मदी मार्ग से जोड़ने वाली छह किमी लंबी सड़क के चौड़ीकरण कार्य का लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद और वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सोमवार को सुबह शिलान्यास किया। दोनों मंत्रियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कार्य स्थल पर चयनित भूमि का पूजन किया। नारियल फोड़कर और बटन दबाकर दोनों शिलान्यास पटों का अनावरण किया।
लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने अधिकारियों से चेतावनी पूर्ण लहजे में कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे होने चाहिए। कार्य की गुणवत्ता में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि नगर निगम बनते ही सबसे पहले शहर के सभी प्रवेश और निकास वाले मार्गों में सुधार कर उनका पिछली सरकार में चौड़ीकरण कराया गया। रिंग रोड का निर्माण निर्धारित समय सीमा 24 माह से पहले पूरा कराया गया, लेकिन इन कामों में कई जगह अतिक्रमण की बाधा का सामना करना पड़ता है।
इसलिए जनसामान्य को स्वयं इस समस्या को दूर करने की पहल करनी होगी। समारोह के बाद लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने नए पुल को चयनित कार्य स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने निगम के मंडल परियोजना प्रबंधक रविदत्त कुमार और जिला परियोजना प्रबंधक ब्रजेंद्र मौर्य को निर्देश दिए कि पुल निर्माण के दौरान वर्तमान पुल से जुड़ी सड़क पर यातायात में कोई रुकावट नहीं पड़नी चाहिए।
एक वर्ष में बनकर तैयार होगा खन्नौत पर डबल लेन पुल
लोधीपुर में खन्नौत नदी पर 106 मीटर लंबा डबल लेन पुल बनाने के लिए नामित कार्यदायी संस्था उप्र राज्य सेतु निर्माण निगम के मंडल परियोजना प्रबंधक रविदत्त कुमार ने कहा लोधीपुर में खन्नौत नदी के पुराने पुल के दोनों ओर डबल लेन वाली सड़क फोर लेन बनाई जा चुकी है, लेकिन पुल पर सिर्फ दो लेन होने से दो लेन वाला अतिरिक्त पुल बनना आवश्यक हो गया है। इस पुल के बन जाने से शहर सहित क्षेत्र के लोगों को आवागमन में आसानी हो जाएगी। एक वर्ष में पुल और उससे जुड़ने वाली सौ मीटर लंबी सड़क के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है।
छह माह में बनेगा कैंट बाईपास, घटेगी दूरी
लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता एसके तिवारी ने बताया कि छावनी क्षेत्र में एसपी आवास के पास से निकलकर मोहम्मदी (खीरी) मार्ग से जुड़ने वाले छह किमी लंबे कैंट बाईपास मार्ग का चौड़ीकरण कार्य छह माह में पूरा हो जाएगा। अभी यह मार्ग तीन मीटर चौड़ा है, जिसे 5.5 मीटर चौड़ा किया जाएगा। मऊ खालसा, मऊ कैंट, मऊ बासक, बसुलिया, तिउलक, हथौड़िया आदि आठ गांवों के 50 हजार से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। मोहम्मदी, गोला, लखीमपुर खीरी समेत सीतापुर, हरदोई आदि जाने वालों इस मार्ग से निकलने पर 10 से 12 किमी दूरी भी कम तय करनी पड़ेगी।