शाहजहांपुर: प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने मौजमपुर स्कूल का किया औचक निरीक्षण, बच्चों से पूछे सवाल
प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप बुधवार को ददरौल ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय मौजमपुर पहुंचे। उन्होंने स्कूल का निरीक्षण किया और बच्चों से सीधा संवाद कर शैक्षिक गुणवत्ता परखी।
विस्तार
शाहजहांपुर जिले के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने बुधवार को ददरौल ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय मौजमपुर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाएं परखने के साथ बच्चों से विज्ञान और हिंदी विषय के सवाल पूछकर शैक्षिक गुणवत्ता का आकलन किया। इको क्लब की गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 11 छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया।
मंत्री ने सबसे पहले रसोईघर का निरीक्षण कर मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन तैयार होने की जानकारी ली। सब्जियों की गुणवत्ता परखने के साथ रसोइयों से बातचीत की। उन्होंने भोजन व्यवस्था पर संतोष जताते हुए बच्चों को स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बालक, बालिका और दिव्यांग शौचालयों का भी निरीक्षण किया।
बच्चों से पूछे सवाल
कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से विज्ञान और हिंदी के प्रश्न पूछे। अर्धवार्षिक परीक्षाओं की जानकारी लेकर उत्तर पुस्तिकाएं भी पढ़वाईं। छात्र उपस्थिति की समीक्षा कर नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दीपावली पर पटाखे से घायल एक छात्रा की जानकारी मिलने पर उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज भेजकर उपचार कराने को कहा। बीएसए को बच्चों के बैठने की व्यवस्था के लिए अतिरिक्त कक्ष उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इन छात्रों को किया सम्मानित
विद्यालय के इको क्लब के तहत ऊर्जा संरक्षण, पौधरोपण, सड़क सुरक्षा जागरूकता और वेस्ट मटेरियल से उपयोगी वस्तुएं बनाने जैसी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले काव्या, अंतिमा, पूनम, रोहिणी, सुधीश, सौरभ, देव, आदित्य, मानवी, जानवी और अनुराग को सम्मानित किया। मंत्री ने नोडल शिक्षिका अर्चना देवी के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान विधायक हरिप्रकाश वर्मा, सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी, बीएसए जयशंकर श्रीवास्तव सहित विद्यालय के शिक्षक और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
