Holi 2023: शाहजहांपुर में भैंसा गाड़ी पर निकले लाट साहब, रंग गुलाल के साथ बरसे जूते चप्पल
शाहजहांपुर में बुधवार सुबह चौकसी से लाट साहब का जुलूस शुरू हुआ। मंदिर में माथा टेकने के बाद लाट साहब को भैंसा गाड़ी पर सवार कराया गया। लाट साहब के गले में जूतों की माला डाली गई।
विस्तार
बुधवार सुबह चौकसी से लाट साहब का जुलूस शुरू हुआ। मंदिर में माथा टेकने के बाद लाट साहब को भैंसा गाड़ी पर सवार कराया गया। लाट साहब के गले में जूतों की माला डाली गई। भैंसागाड़ी सबसे पहले चौक कोतवाली में पहुंची, जहां कोतवाल ने सलामी दी।
भोलेनाथ के दरबार में शीश झुकाकर लिया आशीर्वाद
इसके बाद रंग और गुलाल की बौछार के बीच में लाट साहब का जुलूस चारखंभा, केरूगंज, रोशनगंज, अंटा चौराहा, जीआईसी चौराहा, सदर बाजार होते हुए बाबा विश्वनाथ मंदिर पहुंचा, जहां लाट साहब ने भगवान भोलेनाथ के दरबार में शीश झुकाकर आशीर्वाद लिया। फिर अपनी सवारी पर सवार होकर निशात तिराहा, पंखी होटल, बहादुरगंज, घंटाघर, कच्चा कटरा मोड़, चौक होते हुए सरोदी बंगला पहुंचे। यहां से वापस छोटे चौक में जुलूस को विसर्जित कर दिया गया।
इसी तरह छोटे लाट साहब का जुलूस आरसी मिशन क्षेत्र के सरायकाइयां से शुरू हुआ। छोटे लाट साहब का जुलूस दलेलगंज, पुत्तूलाल चौराहा होते हुए वापस सरायकाइयां पहुंचकर समाप्त हुआ। इसके अलावा जलालनगर, बहादुरगंज छोटी सब्जी मंडी और दलेलगंज में भी छोटे लाट साहब के जुलूस उल्लास और हुड़दंग के बीच निकाले गए। इसमें भी सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे।
सदर थाने में घुसे लाट साहब
शहर में चौक से निकलने वाले बड़े लाट साहब के साथ ही बहादुगंज छोटी सब्जी मंडी से जुलूस निकाला जाता है। ये विभिन्न मार्गों से होकर सदर बाजार पहुंचा। जुलूस में शामिल होरियारे, लाट साहब को ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत लेकर थाने के अंदर घुस गए। प्रभारी निरीक्षक ने लाट साहब को उपहार दिया, तब हुरियारे ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर बाहर निकले।
जुलूस के दौरान पानी डाले जाने से लोग फिसले
लाट साहब का जुलूस निकलने के दौरान लोगों ने पानी में रंग घोलकर अपने घरों की छतों से डाला। जिससे सड़कें गीली और फिसलन हो गई। जिसकी वजह से तमाम बाइक सवार फिसलते रहे और चोटिल हुए।